Doctor Held With Arms In Gujarat: भारत में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए तैयार बैठे एक डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से राइसिन मिला है.
Trending Photos
)
Terror Attack In India: गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने 8 नवंबर 2025 को अहमद मोहिउद्दीन सैयद नाम के एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि इस डॉक्टर के इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) से कनेक्शन हैं और वह भारत में कई शहरों पर हमला करने वाला था. उसके पास से 2 ग्लॉक पिस्तौल, एक बेरेटा, 30 जिंदा कारतूस, 2 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन और 4 किलोग्राम अरंडी के बीज मिले, जिससे राइसिन निकाला जाता है.
ATS को शक है कि आरोपी का मकसद भीड़भाड़ वाली जगहों पर राइसन से तबाही मचाना था. उसके साथ साजिश में 2 अन्य लोग भी शामिल थे, जिनमें उत्तर प्रदेश के शामली निवासी एक दर्जी और लखीमपुर खीरी निवासी एक छात्र है. पुलिस ने अहमदाबाद-मेहसाणा रोड पर अडालज टोल प्लाजा पर सैयद की सिल्वर हैचबैक कार को रोका और वहीं से मामले का पता लगाया. उसके कॉल रिकॉर्ड के आधार पर 20 साल के सुलेमान शेख और 23 साल के मोहम्मद सुहैल मोहम्मद सलीम खान को गिरफ्तार किया. अधिकारियों के मुताबिक दोनों चीन से MBBS की डिग्री प्राप्त करने के बाद डॉक्टर को हथियार और कारतूस सप्लाई कर रहे थे.
ये भी पढ़ें- कुल 6 लाख... 100 घंटे तक धधकती रही आग और भारत के बच्चों का 'खजाना' खाक हो गया
ATS अधिकारियों के मुताबिक सैयद ISKP से जुड़े अफगानिस्तान स्थित अबू खदीजा के कॉन्टैक्ट में था. उन्होंने बताया कि डॉक्टर बड़े पैमाने पर जहर फैलाने के लिए बड़ी मात्रा में राइसिन का प्रोडक्शन कर रहा था. संदिग्ध ने गुजरात से यूपी तक की रेकी की थी. वहीं उसके लिए हथियार राजस्थान के हनुमानगढ़ से आए थे. सैयद समेत गिरफ्तार कई लोगों ने पूछताछ में बताया कि उनके हैंडलर ने सीमा पार हथियार पहुंचाने के लिए पाकिस्तान से ड्रोन का इस्तेमाल किया था.
डिप्टी SP एसएल चौधरी ने अहमदाबाद में सैयद की गतिविधियों के बारे में शुरुआती खुफिया जानकारी के आधार पर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के लिए ऑपरेशन का नेतृत्व किया. वहीं ATS पुलिस स्टेशन में तीनों गिरफ्तार आरोपियों और फरार चल रहे अबू खदीजा के खिलाफ अनलॉफुल एक्टिविटज एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है. स्थानीय अदालत ने सैयद को 17 नवंबर 2025 तक ATS की हिरासत में सौंप दिया है. बाकी 2 संदिग्धों को अलग से कोर्ट में पेश किया जाएगा. ATS अधिकारियों ने बताया कि साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जारी है.