Haj Yatra 2022: हज सब्सिडी पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस को घेरा, कहा- दशकों से चल रहा था सियासी छल
Advertisement

Haj Yatra 2022: हज सब्सिडी पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस को घेरा, कहा- दशकों से चल रहा था सियासी छल

Haj Yatra 2022: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने सोमवार को कहा कि सब्सिडी के खात्मे के बावजूद हज यात्रियों पर आर्थिक बोझ ना पड़ना इस बात का प्रमाण है कि दशकों से हज सब्सिडी के बल पर सियासी छल चल रहा था.

Haj Yatra 2022: हज सब्सिडी पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस को घेरा, कहा- दशकों से चल रहा था सियासी छल

Haj Yatra 2022 Subsidy: कोरोना वायरस आने के बाद पहली बार हज यात्रा की शुरुआत हो रही है और भारत से हज के लिए उड़ान चार जून से शुरू हो रही हैं. इस बीच केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने पूर्व की सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सब्सिडी के खात्मे के बावजूद हज यात्रियों पर आर्थिक बोझ ना पड़ना इस बात का प्रमाण है कि दशकों से हज सब्सिडी के बल पर सियासी छल चल रहा था.

'सब्सिडी के सियासी छल को मोदी सरकार ने किया खत्म'

मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने हज-2022 के लिए हज समन्वयकों, हज सहायकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के दौरान यह भी कहा कि मोदी सरकार ने 'सब्सिडी के सियासी छल' को ईमानदारी के बल से खत्म किया है. नकवी ने कहा कि हज 2022 के लिए हज कमेटी के माध्यम से हज यात्री 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स (प्रस्थान स्थलों)- अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर से जाएंगे.

सुधारों के बाद पारदर्शी हुई हज प्रक्रिया: नकवी

मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने कहा, 'मोदी सरकार में संपूर्ण हज प्रक्रिया में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों से जहां एक तरफ हज प्रक्रिया पारदर्शी हुई है, वहीं दूसरी ओर दो वर्षों के बाद हज पर जा रहे हज यात्रियों पर गैर-जरुरी आर्थिक बोझ ना पड़े इसकी व्यवस्था की गई है.' उनके मुताबिक, संपूर्ण हज प्रक्रिया के शत-प्रतिशत डिजिटल होने से भारतीय मुसलमानों के 'इज़ ऑफ डूइंग हज' (हज करने में सुगमता) का सपना साकार हुआ है. डिजिटल हज, 'डिजिटल इंडिया' के सर्वश्रेष्ठ उदाहरणों में से एक है.

लोगों की सुरक्षा सर्वोच प्राथमिकता: नकवी

मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने कहा, 'लोगों की सेहत, सुरक्षा, सलामती को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण सुधारों के साथ हज 2022 हो रहा है. हज 2022 की संपूर्ण प्रक्रिया भारत सरकार और सऊदी अरब की सरकार द्वारा तय किये गए पात्रता, आयु, स्वास्थ्य मानदंडों एवं अन्य जरुरी कोरोना दिशानिर्देशों के अनुसार की गई है.'

79,237 भारतीय इस साल करेंगे हज यात्रा

उन्होंने बताया, 'इस साल भारत से 79,237 मुसलमान हज 2022 पर जाएंगें. इनमें लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं हैं. इनमें 56 हजार 601 हज यात्री, भारतीय हज कमेटी और 22,636 हज यात्री, ‘हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स’ (NGO) के माध्यम से जाएंगें. बिना 'मेहरम' (पुरुष रिश्तेदार) के लगभग 2000 मुस्लिम महिलाएं हज 2022 पर जाएंगी. इन्हें लॉटरी सिस्टम से बाहर रखा गया है.'

कोरोना की वजह से 2 साल से बंद थी यात्रा

कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus Pandemic) के कारण सऊदी अरब सरकार की ओर से तय दिशानिर्देशों चलते पिछले दो वर्षों में भारतीय नागरिक हज यात्रा पर नहीं जा सके थे. हालांकि इस बार सऊदी सरकार ने हज की इजाजत दे दी है, लेकिन यात्रियों की संख्या सीमित रखी है. इसके बाद भारत से 79,237 यात्रियों का कोटा तय किया गया है.

लाइव टीवी

Trending news