IMD Weather Alert: इस साल आधा दिसंबर बीत गया है. इसके बावजूद गुलमर्ग समेत कश्मीर के अधिकतर इलाके अब तक सूखे पड़े हैं. बर्फबारी न होने की वजह से पर्यटक इन जगहों से दूरी बनाए हुए हैं.
Trending Photos
)
IMD Weather Forecast 14 December 2025: सर्दी का आधा मौसम गुजर चुका है लेकिन इस साल जम्मू-कश्मीर का मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग बर्फ के लिए तरस रहा है. आमतौर पर दिसंबर के मध्य तक गुलमर्ग की पहाड़ी ढलानें बर्फ की मोटी चादरों से ढक जाती थीं. जिसकी वजह से स्कीइंग और दूसरे विंटर स्पोर्ट्स के शौकीन पर्यटक यहां बड़ी संख्या में उमड़ते थे. लेकिन इस बार जुदा दिख रहे हैं. सूखे मौसम और पश्चिमी विक्षोभ की कमी की वजह से कश्मीर के अधिकतर इलाके सूखे पड़े हैं. इसके चलते पर्यटक भी अभी तक गुलमर्ग से दूरी बनाए हुए हैं.
'पर्यटन के बुनियादी ढांचे में सुधार हमारी जिम्मेदारी'
प्रदेश में पर्यटन उद्योग पर पड़ रहे खराब असर से उमर अब्दुल्ला सरकार भी परेशान है. सीएम उमर ने कहा, 'इस साल हालात अनुकूल न होने के बावजूद हमने पर्यटन बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं. आज गुलमर्ग और पहलगाम जैसे स्थान न केवल देश के भीतर के पर्यटन स्थलों से बल्कि विश्व स्तर के पर्यटन स्थलों से भी प्रतिस्पर्धा करते हैं. इन परिस्थितियों में, बुनियादी ढांचे में सुधार करना न केवल हमारी जिम्मेदारी है बल्कि एक आवश्यकता भी है.'
#WATCH | J&K: In contrast to previous years, the slopes of the renowned ski resort, Gulmarg, are without snow at this time of the year in 2025. pic.twitter.com/QRnbWgqNtj
— ANI (@ANI) December 13, 2025
जम्मू-कश्मीर की सीएम ने आगे कहा, 'इसीलिए आज गुलमर्ग में कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और कुछ अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई. यह प्रक्रिया गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और अन्य सभी स्थानों पर जारी रहेगी. इस उम्मीद के साथ कि स्थिति में सुधार होगा और पर्यटक एक बार फिर कश्मीर आना पसंद करेंगे.'
मौसम विभाग ने सुना दी खुशखबरी
बर्फबारी को तरस रहे गुलमर्ग के लिए मौसम विभाग ने बड़ी भविष्यवाणी की है. विभाग ने अनुमान जताया है कि 14 से 17 दिसंबर तक जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है. जिससे मौसम और ठंडा हो जाएगा. फिलहाल गुलमर्ग में रात का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, जोकि फ्रीजिंग पॉइंट से ऊपर है. यही वजह है कि बर्फ पिघलने या न गिरने की स्थिति बनी हुई है. हालांकि पहलगाम और दूसरे ऊपरी इलाकों में भी तापमान माइनस में है. जिसकी वजह से रह-रहकर हल्की बर्फबारी हो रही है.
मौसम वैज्ञानिकों का आकलन है कि 21 दिसंबर से प्रदेश में 'चिल्लई कलां' की शुरुआत हो सकती है. यह 40 दिनों की वह अवधित होती है, जब जम्मू-कश्मीर में कड़ी सर्दी और भारी बर्फबारी होती है. इसके बाद गुलमर्ग समेत प्रदेश के दूसरे पर्यटक स्थल की भीड़ उमड़ सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहने वाला है मौसम?
अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो रात में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच घूम रहा है. जबकि अधिकतम 22-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. जिसकी वजह से आने वाले कुछ दिनों तक कोल्ड वेव की स्थिति बनी रह सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी से मौसम में बदलाव आएगा, जबकि दिल्ली में ठंड जारी रहेगी. ऐसे में अगर आप सर्दियों में कहीं बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो मौसम का ताजा अपडेट जानकर ही घर से बाहर निकलें वर्ना आपका मजा किरकिरा हो सकता है.