13 December 2025 Weather Update: अगर आप इन सर्दियों में बर्फबारी का आनंद लेने का प्लान कर रहे थे तो अब वह वक्त आ गया है. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में 2 पश्चिम विक्षोभ आ रहे हैं, जिनके प्रभाव से पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी होगी.
Trending Photos
)
Weather Update Rain and Snowfall: दिसंबर का आधा महीना लगभग बीत गया है. इसके बावजूद दिल्ली-एनसीआर में अब तक ठंड का वैसा प्रकोप नजर नहीं आया है, जो अमूमन इन दिनों दिखता था. इस बात तो न सर्दियों का कोहरा दिख रहा है और न ही बारिश कहीं नजर आ रही है. पिछले एक महीने से ज्यादा वक्त से बरसात गायब है. मौसम विभाग की मानें तो अगले एक हफ्ते भी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है और इसी तरह सूखी ठंड लोगों को परेशान करती रहेगी. इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा और सड़कों पर विजिबिलिटी भी सही बनी रहेगी.
13 दिसंबर से मौसम में बदलाव
प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 13 दिसंबर से मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं. शनिवार को ईरान-पाकिस्तान से होता हुआ एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर आ रहा है. इसकी वजह से मैदानों में तापमान थोड़ा-बहुत बढ़ सकता है. इसके बाद 15 और 16 दिसंबर को तेज ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे पारे में थोड़ी गिरावट आएगी. फिर 17 से 20 दिसंबर के बीच एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत में एंट्री करेगा,जिससे न्यूनतम तापमान फिर से थोड़ा ऊपर चढ़ सकता है.
खत्म हो जाएगा सर्दियों का 'सूखा'
इन पश्चिमी विक्षोभों की वजह से लंबे सूखे के बाद पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है. पिछली बार अच्छी बारिश-बर्फ 4-5 नवंबर को हुई थी. उससे पहले अक्टूबर के पहले हफ्ते में दो बार हुई थी. तब जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल के ऊपरी इलाकों में 80% तक बर्फ गिर गई थी. अब फिर से ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं.
इन इलाकों में होगी बारिश-बर्फबारी
मौसम एजेंसी के अनुसार, इस शनिवार को आ रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 13 से 15 दिसंबर तक गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी होगी. वहीं हिमाचल प्रदेश में भी 14 दिसंबर को बिखरी हुई बारिश-बर्फ हो सकती है.
पहाड़ी इलाकों में बढ़ जाएगी ठिठुरन
इसके बाद 17 दिसंबर को दूसरा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आएगा. जिसके प्रभाव से 18 से 20 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश-बर्फबारी होगी. उत्तराखंड में सिर्फ हल्की बर्फबारी या बारिश की संभावना बन रही है. इसकी वजह से इन इलाकों में ठिठुरन बढ़ जाएगी
21 दिसंबर के बाद तापमान में गिरावट
इन दोनों वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के गुजर जाने के बाद तापमान तेजी से नीचे गोते लगाएगा. 21 दिसंबर से ठंडी हवाएं उत्तर भारत को अपनी गिरफ्त में ले लेंगी. मध्य भारत के कई इलाके भी इससे प्रभावित रहेंगे. इससे उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत में ठंड बढ़ने लगेगी. यह बारिश-बर्फ पानी के भंडार भरने में फायदेमंद रहेगी.
दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश?
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इन दोनों पश्चिमी विक्षोभों के बावजूद दिल्ली-NCR में बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है. हालांकि इस दौरान हवाएं थोड़ी तेज रहेंगी और तापमान में भी ऊपर-नीचे बदलाव होता रहेगा. फिर भी बारिश न होने की वजह से उमस नहीं बढ़ेगी. इसलिए सर्दियों वाला घना कोहरा बनने की उम्मीद बहुत कम है. अनुमान है कि क्रिसमस तक ऐसे ही सूखी ठंड चलती रहेगी और तापमान में कोई बड़ा उछाल या गिरावट नहीं आएगी.