उत्तर भारत में घना कोहरा, कड़ाके की ठंड से 10 की मौत
Advertisement

उत्तर भारत में घना कोहरा, कड़ाके की ठंड से 10 की मौत

उत्तर भारत में आज कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा, जिससे यातायात सेवाएं बाधित हुईं। तापमान में गिरावट और ज्यादातर भागों में कोहरे से खराब दृश्यता के कारण हुए सड़क हादसों में दस लोगों की मौत हो गई।

नई दिल्ली : उत्तर भारत में आज कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा, जिससे यातायात सेवाएं बाधित हुईं। तापमान में गिरावट और ज्यादातर भागों में कोहरे से खराब दृश्यता के कारण हुए सड़क हादसों में दस लोगों की मौत हो गई।

राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आने वाली या शहर से जाने वाली करीब 70 ट्रेनों की आवाजाही आज सुबह प्रभावित हुई जबकि खराब दृश्यता के कारण कई विमानों की रवानगी में देरी हुई। सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 600 मीटर और दिन में साढ़े ग्यारह बजे 500 मीटर दर्ज की गई।

चंडीगढ़ में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सत्र की सबसे ठंडी रात दर्ज हुई। पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर कड़ाके की ठंड और कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ। हरियाणा के हिसार में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला का न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा करनाल में न्यूनतम तापमान 4.7 जबकि नारनौल में चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र सहित कश्मीर घाटी में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। लेह और करगिल में राज्य का सबसे कम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पहलगाम और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान में शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और राज्य में कम से कम 28 ट्रेनें अपने तय समय से पीछे चल रही हैं। प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में 28 ट्रेनें 20 मिनट से 15 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। छह ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, श्रीगंगानगर-जम्मू तवी ट्रेन को रद्द किया गया है जबकि दो ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में कोहरे के कारण सड़क यातायात प्रभावित हुआ और यात्री बसें कई घंटों की देरी से पहुंचीं। राजस्थान में 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सीकर सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रभाव जारी है और राज्य के मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पुलिस ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण 28 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गये जिससे कम से कम दो लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हैं।

उधर, आगरा जिले के रूनकता कस्बे के पास कल रात एक मिनीबस की एक ट्रैक्टर से आमने सामने की टक्कर हो गई जिसमें मिनीबस में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। ये लोग वृंदावन से मिधाकुर जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि हादसा कोहरे के कारण खराब दृश्यता से हुआ।

Trending news