Kathua news: सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके.
Trending Photos
)
रजत वोहरा, जम्मू: गणतंत्र दिवस (26 January) के मौके पर देश भर में सुरक्षा के इंतजाम चाक-चौबंद हैं. जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं. रिपब्लिक डे से ठीक पहले पाकिस्तान की ओर से संभावित आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए भारत की सेना और सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. चाहे पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की घुसपैठ की हालिया कोशिशें हों या फिर सीमा पार से ड्रोन के जरिए साजिश रचने की घटनाएं, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां हर चुनौती से निपटने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही हैं. इसी कड़ी में जम्मू संभाग के कठुआ जिले के हीरानगर रेलवे स्टेशन पर आज सुरक्षा बलों द्वारा मॉक ड्रिल की गई.
रेलवे स्टेशन पर आतंकी हमला हुआ तो कैसे बचेंगे?
इस अभ्यास में जम्मू-कश्मीर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), रेलवे पुलिस, SDRF के साथ-साथ CRPF और ITBP के जवानों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया. इसके अलावा बम डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड भी इस ड्रिल में सक्रिय रहे. मॉक ड्रिल के दौरान यह अभ्यास किया गया कि अगर रेलवे स्टेशन पर आतंकी हमला होता है तो सुरक्षा बल बिना किसी कोलेट्रल डैमेज (निर्दोषों को नुकसान) के आतंकियों को किस तरह घेराबंदी कर निष्क्रिय/ढेर कर सकते हैं. पूरे स्टेशन परिसर को सुरक्षित तरीके से खाली कराना, संदिग्ध वस्तुओं की जांच, बम निरोधक टीम की कार्रवाई और तलाशी अभियान जैसी रणनीतियों का रिहर्सल भी किया गया.
बताया गया कि यह पूरी कार्रवाई DYSP रेलवे स्टेशन विजयपुर मुस्कान साहनी के नेतृत्व में संपन्न हुई. आपको बताते चलें कि वीकेंड यानी शनिवार को पठानकोट अंतराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों ने हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया था. बरामद हथियारों में 3 AK-47 राइफलें, 5 मैगजीन, 2 पिस्टल (एक तुर्की और एक चाइना मेड), 2 पिस्टल मैगजीन और 98 जिंदा कारतूस शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक इन हथियारों की मदद से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और पाकिस्तानी सेना जम्मू कश्मीर और पंजाब में बड़े आतंकी हमले की प्लानिंग कर रही थी. लेकिन सुरक्षा बलों ने वक्त रहते पाकिस्तानी आतंकियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके.