Ex Mla Rao Rajkumar Yadav Passed Away: मध्य प्रदेश में बीजेपी के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव का मंगलवार को निधन हो गया. सोमवार को ही सीएम मोहन यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल चाल जाना था.
Trending Photos
)
MP News: अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा सीट से बीजेपी के पूर्व विधायक रहे राव राजकुमार सिंह यादव का भोपाल में मंगलवार को निधन हो गया. वह करीब 70 साल के थे और लंबे समय कैंसर से पीड़ित थे. उन्हें भोपाल की अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां सोमवार के दिन सीएम मोहन यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल चाल जाना था और परिजनों से मुलाकात की थी. लेकिन, मंगलवार की सुबह उनका निधन हो गया. पूर्व विधायक के निधन पर मध्य प्रदेश भाजपा के सभी सीनियर नेताओं ने दुख जताया है. मंगलवार को ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
अशोकनगर जिले में होगा अंतिम संस्कार
बीजेपी के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव का अंतिम संस्कार अशोकनगर जिले में आने वाले उनके पैतृक गांव महूअन किया जाएगा. जहां भोपाल से फूलों से सजाकर एक एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे थे. अशोकनगर जिले के पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा समेत कई सीनियर पुलिसकर्मियों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी है. राव राजुकमार सिंह यादव चंबल की राजनीति में बीजेपी का बड़ा नाम माने जाते थे.
पंच से विधायक तक का सफर
राव राजकुमार सिंह यादव ने एक पंच बनने से लेकर विधायक तक सफर तय किया था. वह बीजेपी के सीनियर नेताओं में गिने जाते थे. मध्य प्रदेश में 2008 के परिसीमन के बाद चंदेरी विधानसभा सीट बनी थी, जहां से उन्होंने 2008 में पहला चुनाव जीता था. वह अशोकनगर जिले में यादव समाज की संस्था श्री कृष्णा संस्थान के अध्यक्ष और मध्य प्रदेश में यादव महासभा के प्रदेश सदस्य भी रहे थे. 1970 में ग्राम पंचायत के पंच बनने से राजनीति की शुरुआत की थी. इसके बाद जनपद सदस्य, 1990 में जनपद अध्यक्ष, 2007 में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष और 2008 में विधायक बने थे.
भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री राव राजकुमार सिंह यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने धाम में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति दें।
ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 3, 2026
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जताया दुख
केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा 'राव राजकुमार सिंह यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है, उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के प्रति निष्ठा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा. ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवारजनों और समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें.'
ये भी पढ़ेंः MP कांग्रेस का बड़ा बदलाव! जीतू पटवारी ने घोषित की 4 जिलों की कार्यकारिणी
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!