)
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सामने आया है. हाल ही में विश्वविद्यालय में परीक्षा के पेपर चोरी होने की घटना ने परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे. इस मामले के तूल पकड़ने और हर तरफ से बढ़ते दबाव के बाद RGPV प्रबंधन ने सख्त कदम उठाए हैं.
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तिवारी को पद से हटाया
यूनिवर्सिटी के उप कुलसचिव के एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, मौजूदा परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तिवारी को उनके पद से हटा दिया गया है. पेपर चोरी जैसे संवेदनशील मामले में परीक्षा विभाग के प्रमुख को ही इसके लिए जिम्मेदार माना जाना स्वाभाविक था. परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने और छात्रों के बीच यूनिवर्सिटी की साख को फिर से बहाल करने के लिए प्रोफेसर संजीव शर्मा को नया परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है.
जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी की तीन-सदस्यीय जांच समिति की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर की गई है. समिति ने शुरुआती तौर पर यह निष्कर्ष निकाला है कि प्रश्न-पत्र की गोपनीयता बनाए रखने और परीक्षा आयोजित करने के संबंध में जरूरी प्रशासनिक नियंत्रण, सुरक्षा उपायों और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOPs) का ठीक से पालन नहीं किया गया.
जानिए पूरा मामला
यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) के तहत स्कूल ऑफ बायोमॉलिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी में मौजूद एग्जामिनेशन ब्रांच के ताले तोड़कर लगभग नौ अलग-अलग विषयों के प्रश्न-पत्रों के बंडल चोरी कर लिए गए थे. इनमें आने वाली पोस्ट-ग्रेजुएट (PG) परीक्षाओं के गोपनीय प्रश्न-पत्र भी शामिल थे. यह घटना तब सामने आई थी जब सुबह 11:00 बजे होने वाली चौथे सेमेस्टर (AIML) की परीक्षा के लिए आए छात्रों को बताया गया कि परीक्षा नहीं हो पाएगी क्योंकि प्रश्न-पत्र चोरी हो गए हैं. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था.
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी. आपके जिले की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!