मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 : कांग्रेस ने 16 और उम्मीदवार घोषित किए, बड़ी सीटें अब भी अटकीं
Advertisement

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 : कांग्रेस ने 16 और उम्मीदवार घोषित किए, बड़ी सीटें अब भी अटकीं

मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा. कांग्रेस ने इससे पहले 155 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी.

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 : कांग्रेस ने 16 और उम्मीदवार घोषित किए, बड़ी सीटें अब भी अटकीं

नई दिल्ली : मध्यप्रदेश में इसी माह होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है. इस सूची में पांच वर्तमान विधायकों एवं कुछ नये चेहरों के नाम शामिल हैं. जिन पांच वर्तमान विधायकों पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है उनमें श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से रामनिवास रावत, शिवपुरी जिले की कोलारस से महेन्द्र सिंह यादव, छतरपुर जिले के राजनगर से विक्रम सिंह नटीराजा एवं अशोकनगर जिले की दो सीटों चंदेरी से गोपाल सिंह चौहान एवं मुंगावली से ब्रजेन्द्र सिंह यादव शामिल हैं.

पार्टी ने इस सूची में नये चेहरे सिद्धार्थ लाडा (36) को शिवपुरी जिले की शिवपुरी विधानसभा सीट से टिकट दिया है. उनका मुख्य मुकाबला मध्यप्रदेश की मंत्री एवं पूर्व ग्वालियर राजघराने की वंशज यशोधरा राजे सिंधिया (भाजपा) से होगा. वहीं, कांग्रेस ने महेन्द्र सिंह चौहान को प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ भोपाल की नरेला सीट से मैदान में उतारा है. महेन्द्र वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ सीहोर की बुधनी सीट से मैदान में थे और बड़े अंतर से हार गए थे.

बिहार NDA में फिर दिखी दरार, उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश से पूछी उनकी 'डीएनए' रिपोर्ट

कांग्रेस ने राजेन्द्र भारती को मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ दतिया जिले की दतिया सीट चुनावी अखाड़े में दोबारा उतारा है. पिछले चुनाव में मिश्रा ने उन्हें हरा दिया था. इनके अलावा, कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में सबलगढ़ से बैजनाथ कुशवाहा, गुना से चंद्र प्रकाश अहिरवार, सीधी से कमलेश्वर प्रसाद द्विवेदी, देवसर से रामभजन साकेत, आमला से मनोज मालवी, ब्यावरा से गोवर्धन डांगी, अलीराजपुर से मुकेश पटेल एवं पेटलावद से वेलसिंह मेदा को अपना उम्मीदवार बनाया है.

इसी के साथ अब तक कांग्रेस ने कुल 171 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है.  दोनों सूचियों में मिलाकर कांग्रेस ने कुल 21 महिलाओं को मैदान में उतारा हैं एवं दो दर्जन से अधिक नये चेहरों को टिकट दिया है. दोनों सूचियों में कुल मिलाकर कांग्रेस ने अपने 51 वर्तमान विधायकों को फिर से इस बार टिकट दिया है, जबकि तीन वर्तमान विधायकों गोवर्धन उपाध्याय (सिंरोज), शकुंतला खटीक (करेरा) एवं मनोज कुमार (कोतमा) का टिकट काटा है.

उम्मीदवार               विधानसभा
रामनिवास रावत          विजयपुर
बैजनाथ कुशवाह         सबलगढ़
राजेंद्र भारती               दतिया  
सिद्धार्थ लाडा              शिवपुरी
महेंद्र सिंह यादव          कोलारस
चंद्र प्रकाश अहिरवार   गुना
गोपाल सिंह चौहान      चंदेरी
ब्रजेंद्र सिंह यादव        मुंगावली
विक्रम सिंह नटिराजा   राजनगर
कमलेश्वर प्रसाद द्वेदी   सीधी
रामभजन साकेत        देवसर
मनोज मालवे             अमला
महेंद्र सिंह चौहान       नरेला, भोपाल
गोवर्धन दांगी            ब्वावरा
मुकेश पटेल            अलीराजपुर
वलसिंह मेडा           पेटलावद

कमलनाथ और सिंधिया हैं प्रमुख दावेदार
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा. इन दोनों सूची में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम नहीं हैं. माना जा रहा है कि यदि मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने वापसी की तो ये दोनों ही मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार हैं.

Trending news