)
अवैध शराब की तस्करी के मामले तो अक्सर सामने आते रहते हैं और आपने भी कई बार सुना होगा कि पुलिस ने शराब तस्तरों पर कार्रवाई की है, लेकिन मध्य प्रदेश के रतलाम में शराब चोरी का नया ट्रेंड सामने आया है. इस बार पुलिस के हत्थे शराब के चोर चढ़े हैं. जी हां, ये आरोपी शराब तस्कर नहीं, बल्कि शराब की पेटियां ही चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस ने जिन 3 आरोपियों को पकड़ा है, वो शासकीय शराब की पेटियां चुराते थे.
मामला रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र का है. 8 लेन एक्सप्रेस-वे स्थित भूतेड़ा टोल प्लाजा के पास खड़े एक पिकअप वाहन से शासकीय शराब की चार पेटियां चोरी हो गई थीं. इस संबंध में उज्जैन जिले के दताना गांव निवासी निखिल सिसोदिया ने 19 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
सीसीटीवी और अन्य सबूतों से मिली मदद
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की गई.
पुलिस ने 3 संदिग्धों को पकड़ा
लगातार जांच के बाद पुलिस को तीन संदिग्ध युवकों की जानकारी मिली. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो तीनों ने शराब की पेटियां चोरी करना स्वीकार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई चारों शराब पेटियां बरामद कर ली गईं. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उखेड़िया स्थित कंजर डेरा के निवासी हैं.
आरोपियों से पूछताछ कर रही है पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने चोरी की वारदात किस योजना के तहत अंजाम दी थी. क्या वे अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं. शराब तस्कर को पकड़ने वाली पुलिस के लिए शराब चोरी का मामला सामने आना चर्चा का विषय बन गया है.