)
Datia Bypoll Election News: दतिया विधानसभा उपचुनाव का मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है. बीजेपी और कांग्रेस ने भले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की हो, लेकिन आजाद समाज पार्टी ने चुनावी मैदान में अपना प्रत्याशी उतार दिया है. दरअसल, आजाद समाज पार्टी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में दामोदर सिंह यादव को उम्मीदवार बनाया है. दामोदर सिंह यादव ने ZEE मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को अपना प्रतिद्वंद्वी घोषित कर दिया है. ऐसे में दतिया उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबने की संभावनाएं भी तेज होती नजर आ रही है.
वहीं दामोदर सिंह यादव ने आरोप लगाया है कि वर्षों से क्षेत्र की राजनीति में भय और विभाजन का माहौल बनाया गया, जिससे सामाजिक भाईचारे को नुकसान पहुंचा है. उनका कहना है कि वे विकास, रोजगार, किसानों की समस्याओं और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में जनता बदलाव चाहती है और उनकी पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है.
6 बार जेल जाना पड़ा
दामोदर सिंह यादव ने आगे बताया कि 'मैं पिछले 30 सालों से जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा हूं. जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाने के कारण मुझे छह बार जेल भी जाना पड़ा. गांवों में आज भी लोगों को पानी, खाद, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. ऐसे मुद्दों के लिए सड़क पर लड़ने का काम मैंने किया है. जनता को अब ऐसा लग रहा है कि गरीब, किसान और आम आदमी की सोच रखने वाला व्यक्ति विधायक बन सकता है, इसलिए मुझे गांवों के साथ-साथ शहरों में भी अच्छा समर्थन मिल रहा है.'
भ्रष्टाचार खत्म करेंगे
वहीं उन्होंने कहा कि 'शहर के लोग भले खुलकर अपनी बात नहीं कह रहे हों, लेकिन विभिन्न सर्वे और निष्पक्ष मीडिया की रिपोर्टें बता रही हैं कि इस बार आजाद समाज पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है. मुझे पूरा विश्वास है कि जनता बदलाव चाहती है और उसका आशीर्वाद हमें मिलेगा.' आगे कहा कि 'अगर जनता मुझे विधायक बनाती है तो मेरी पहली प्राथमिकता क्षेत्र से भय और भ्रष्टाचार के माहौल को खत्म करना होगी. समाज में भाईचारा और सौहार्द स्थापित करना जरूरी है. आज राजनीति में जातिवाद को बढ़ावा दिया गया है, जिससे समाज बंटा है. मैं सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम करूंगा.'
क्या है दूसरी प्राथमिकता?
दामोदर सिंह यादव का कहना है कि, 'मेरी दूसरी प्राथमिकता किसानों की समस्याओं का समाधान करना होगा. गांवों में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है और कई ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं. सरकार से मांग कर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा. इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और जातिगत भेदभाव को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. पहले 100 दिनों में जनता से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर काम शुरू किया जाएगा.'
'मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी. मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!