)
Narottam Mishra News: दतिया विधानसभा उपचुनाव के चुनावी माहौल के बीच प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. निजी विद्यालय संचालकों की बैठक में उन्होंने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए कहा, 'मैं अहंकारी नहीं, संस्कारी हूं. छाज (सूप) बोले तो बोले, छलनी भी बोले जिसमें हजार छेद हैं.'
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी उन्हें अहंकारी बता रहे हैं, जबकि दोनों स्वयं बड़े अंतर से चुनाव हार चुके हैं. उन्होंने कहा, 'दिग्विजय सिंह 1 लाख 46 हजार वोटों से हारे थे, जीतू पटवारी 40 हजार वोटों से हारे थे, जबकि मैं केवल 7 हजार वोटों से चुनाव हारा हूं. इसके बावजूद मुझे अहंकारी कहा जा रहा है. मैं अहंकारी नहीं, संस्कारी हूं.'
विकास पर कुछ नहीं बोला
पूर्व गृहमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने दतिया में आयोजित अपने कार्यकर्ता सम्मेलन में क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं की, बल्कि पूरा समय केवल उन्हें निशाना बनाने में लगाया. उन्होंने कहा, 'दतिया के विकास पर एक शब्द नहीं बोला गया, सिर्फ डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टारगेट बनाया गया.'
कांग्रेस पर बोला हमला
राजेंद्र भारती के स्वास्थ्य को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मंच से राजेंद्र भारती को बीमार बता रहे थे, जबकि वे उसी समय टीवी चैनलों पर लगातार बयान दे रहे थे. इससे कांग्रेस नेताओं के दावों की सच्चाई सामने आ जाती है.
30 जुलाई को मतदान
डॉ. मिश्रा ने यह बयान दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के तहत आयोजित निजी विद्यालय संचालकों की बैठक के दौरान दिया. उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है. भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं, जबकि आजाद समाज पार्टी भी चुनावी मैदान में सक्रिय है. प्रत्याशियों की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना है.
'मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी. मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!