)
Khandwa News: खंडवा जिले के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. मामले में मांधाता थाने के दो पुलिस आरक्षकों को सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया गया है. वहीं मंदिर के एक सुरक्षा गार्ड और स्थानीय फोटोग्राफर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
ओंकारेश्वर मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर 11 श्रद्धालुओं से 13,200 रुपये की कथित वसूली के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई. आरोप है कि मंदिर में 300 रुपये की दान रसीद के आधार पर प्रोटोकॉल दर्शन बुक किए जाते हैं, लेकिन संबंधित दिन सभी स्लॉट भर जाने के बावजूद स्थानीय कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से फर्जी प्रोटोकॉल तैयार किया गया.
फोटोग्राफर पर भी कार्रवाई
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रोटोकॉल अधिकारी मुकेश काशीव की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने मांधाता थाने के आरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर और अमन को लाइन अटैच कर दिया. इसके अलावा मंदिर के सुरक्षा गार्ड सुरेश मोरे और स्थानीय फोटोग्राफर सचिन अग्रवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है. कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के प्रयास जारी हैं.
शिकायत वापस लेने का प्रयास
इधर, कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ तब आया जब दोनों आरक्षकों की ओर से श्रद्धालुओं को वीडियो जारी कर अपने पक्ष में बयान देने और शिकायत वापस लेने का कथित प्रयास किए जाने की बात सामने आई. वीडियो में कुछ श्रद्धालु यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि उनसे कोई पैसा नहीं लिया गया और उन्होंने प्रोटोकॉल दर्शन स्वयं बुक कराया था. हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी रहेगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
'मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी. मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!