)
Rajya Sabha Chunav: एमपी की तीन राज्यसभा सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर हलचल तेज है. सीएम मोहन यादव दिल्ली दौरे पर जाने वाले हैं. उनका यह दौरा राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन के लिहाज से अहम माना जा रहा है. बीजेपी के अलावा कांग्रेस ने भी राज्यसभा सीट को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस आलाकमान को भी प्रदेश नेतृत्व की तरफ से नाम पहले ही भेज दिए गए थे. ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अगले एक दो दिन में राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकते हैं.
दिल्ली दौरे पर रवाना हो रहे सीएम मोहन
सीएम मोहन यादव दिल्ली दौरे पर रवाना होने वाले हैं. उनका यह दौरा राज्यसभा उम्मीदवारों को लेकर ही अहम माना जा रहा है. क्योंकि पार्टी को 2 सीटों पर उम्मीदवारों का चयन करना है. जिसके लिए कई सीनियर नेताओं के नाम सामने आ चुके हैं. ऐसे में आखिरी मुहर दिल्ली से ही लगने वाली है. बीजेपी का प्रदेश नेतृत्व पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का पैनल दिल्ली भेज चुका है. जबकि सीएम मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बीएल संतोष से मुलाकात कर चुके हैं. ऐसे में यह माना जा रहा है कि सीएम मोहन के दिल्ली दौरे के बाद बीजेपी भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकती है.
कांग्रेस से कमलनाथ का नाम आगे
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट कांग्रेस को मिलनी है. जिसके लिए पार्टी में कई सीनियर नेता दावेदार थे. लेकिन अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम सबसे आगे माना जा रहा है. माना जा रहा है कि कर्नाटक में नए सीएम डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद कांग्रेस के सीनियर नेताओं का दिल्ली में मंथन हो सकता है. जहां आने वाले दो दिनों में राज्यसभा के लिए उम्मीदवार का ऐलान हो जाएगा. मौजूदा राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पहले ही यह तय कर दिया है कि वह तीसरी बार राज्यसभा नहीं जाएंगे. ऐसे में अब पार्टी कमलनाथ को राज्यसभा भेजकर उन्हें फिर से दिल्ली की राजनीति में एक्टिव कर सकती है.
जीतू पटवारी भी एक्टिव
हालांकि एक चर्चा यह भी है कि दिग्विजय सिंह भले ही तीसरी बार राज्यसभा जाने से इंकार कर चुके हैं. लेकिन आखिरी फैसला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ही करना है. ऐसे में संभावना है कि कांग्रेस आलाकमान उन्हें लगातार तीसरी बार भी राज्यसभा भेज सकता है. इसके अलावा पीसीसी चीफ जीतू पटवारी खुद को राज्यसभा की रेस से अलग बता चुके हैं. लेकिन चर्चा है कि पार्टी उन पर भी दांव खेल सकती है. क्योंकि जीतू पटवारी युवा होने के साथ-साथ कांग्रेस के जातिगत समीकरणों में फिट बैठते हैं. जीतू पटवारी को भी कांग्रेस में कई नेताओं का समर्थन हासिल है.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!