MP में घुटनातोड़ पॉलिटिक्स का अंतः दिग्विजय ने की रामधुन, तो अपनों से ही घिर गए रामेश्वर शर्मा
Advertisement

MP में घुटनातोड़ पॉलिटिक्स का अंतः दिग्विजय ने की रामधुन, तो अपनों से ही घिर गए रामेश्वर शर्मा

मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह और बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच चल रही घुटनातोड़ राजनीतिक का अंत हो गया. 

रामेश्वर शर्मा और दिग्विजय सिंह

भोपालः मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रही घुटनातोड़ पॉलिटिक्स का आज आखिरकार अंत हो गया. दिग्विजय सिंह बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर तो नहीं पहुंचे, लेकिन उन्होंने राजभवन के आगे ही रामधुन करके अपना विरोध जताया, तो इधर बीजेपी विधायक के घर भी करीब 2 घंटे तक रामधुन हुई. लेकिन इस बीच बीजेपी के एक दिग्गज नेता ने इस पूरे मामले पर आपत्ति जताई, उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है लेकिन राजनीति में भगवान के नाम पर राजनीतिक स्टंट नहीं होना चाहिए. 

कांग्रेस-बीजेपी दोनों ने की रामधुन
दरअसल, विधायक रामेश्वर शर्मा के कांग्रेसियों के घुटने तोड़ने वाले वायरल वीडियो के बाद रामधुन की एंट्री हुई, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर के सामने रामधुन करने का 24 नवंबर को ऐलान किया था. जिसके बाद विधायक रामेश्वर शर्मा बैकफुट पर नजर आए और उन्होंने कांग्रेस नेताओं के स्वागत की बात कही, आज कांग्रेसी उनके घर पर पहुंचने वाले थे लेकिन उससे पहले ही विधायक का बंगला छावनी में तब्दील हो गया. घर की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर पुलिस का पहरा कर दिया गया, जिससे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ राजभवन के आगे रामधुन की रामधुन करीब 2 घंटे तक चलती रही. वहीं बीजेपी विधायक के घर भी रामधुन होती रही. 

दिग्विजय सिंह का तंज
जिसके बाद दिग्विजय सिंह ने एक और ट्वीट कर विधायक जी पर तंज कसते हुए कहा था हिंसा पर अहिंसा की जीत. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घुटने तोड़ने वाले भाजपा विधायक ने कॉंग्रेसियों के सामने घुटने टेके!!. कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए “हलुआ पुड़ी” का निमंत्रण, धन्यवाद. इस बीच रामेश्वर शर्मा के घर के बाहर छावनी सा माहौल दिखाई दे रहा है.  पुलिस वालों की तैनाती कर दी गई है. 

हालांकि दिग्विजय सिंह को बीजेपी एमएलए रामेश्वर शर्मा के बंगले पर जाने से पुलिस ने रोक दिया. रामेश्वर शर्मा के घर पर रामधुन का आयोजन हो रहा है. इसमें दिग्विजय सिंह ने भी आने की बात कही थी. लेकिन दिग्विजय सिंह को प्रशासन ने बीजेपी विधायक के आवास पर जाने से रोक दिया. इस पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्ना ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि राम जिस बुलाते हैं वहीं उनके पास आते हैं.

जयभान सिंह पवैया ने साधा निशाना 
वहीं इस मामले में बीजेपी के दिग्गज नेता जयभान सिंह पवैया की भी एंट्री हुई, उन्होंने इस मुद्दे पर एक तरह से दोनों नेताओं पर निशाना साधा, पवैया ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ''राजनीतिक स्टंट के लिए कृपया राम जी या श्री राम संकीर्तन का उपयोग करने का पाप न कीजिए, प्रोपेगंडा के लिए कुछ और तरीके भी ईजाद कर लीजिए. भोपाल में आज इस पवित्र संकीर्तन को ढाल बनाकर जो कुछ हो रहा है उससे एक हिंदू के नाते मेरा मन तो क्षुब्ध है.''

क्या थी घुटना तोड़ पॉलिटिक्स 
मध्य प्रदेश के सियासी रंगमंच में इस दिनों दो पात्र खूब छाए हुए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और बीजेपी के विधायक रामेश्वर शर्मा. दोनों के बीच घुटना-तोड़ पॉलिटिक्स चल रही थी. ताजा मामले में दिग्विजय सिंह ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा को उनके घर आने की बात कहते हुए कहा था कि मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताक़त हो तो मेरे घुटने तोड़ दे. मैं गांधीवादी हूं. हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा. 24 नवंबर को मैं महात्मा गॉंधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाउंगा. उनके घर जा कर प्रभु से उन्हें सदबुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन करूंगा.

क्या था मामला
बता दें कि हमेशा अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने एक सभा में कांग्रेस नेताओं पर विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर आपके घर कोई कांग्रेसी नेता आए तो उसके घुटने तोड़ देना, उनके इस बयान के बाद से दोनों नेताओं के बीच घुटना-तोड़ पॉलिटिक्स पर बयानबाजी जारी है. 

ये भी पढ़ेंः आदिवासियों को रिझाने के बाद MP में इस वर्ग पर BJP की नजर, रैगांव की हार से जुड़ा है पूरा खेल

WATCH LIVE TV

Trending news