Women's Day: नारी शक्ति का होगा सम्मान, MP की जोधईया बाई समेत इन महिलाओं का नाम
Advertisement

Women's Day: नारी शक्ति का होगा सम्मान, MP की जोधईया बाई समेत इन महिलाओं का नाम

Women's Day Special 2022: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले की निवासी 82 वर्षीय जोधईया बाई आज बैगा चित्रकला का जाना पहचाना नाम हैं और उनकी बनाई चित्रकारी दुनियाभर में सराही जा चुकी है.

Women's Day: नारी शक्ति का होगा सम्मान, MP की जोधईया बाई समेत इन महिलाओं का नाम

Women's Day Special 2022:​ आज दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) मनाया जा रहा है. इस अवसर पर सरकार द्वारा उन महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने नारी सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है. आज महिला दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दिल्ली में देशभर से 29 महिलाओं को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करेंगे. इनमें मध्य प्रदेश की तीन महिलाएं भी शामिल हैं. 

जोधईया बाई
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले की निवासी 82 वर्षीय जोधईया बाई आज बैगा चित्रकला का जाना पहचाना नाम हैं और उनकी बनाई चित्रकारी दुनियाभर में सराही जा चुकी है. उमरिया जिले के गांव लोढ़ा में रहने वाली जोधईया बाई बैगा पढ़ी-लिखी नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद अपनी कला के दम पर वह नारी सशक्तिकरण की मिसाल बनी हैं. साल 2019 में जोधईया बाई बैगा की चित्रकारी की इटली में प्रदर्शनी लगी थी. प्रदर्शनी के आमंत्रण पेज पर भी जोधईया बाई की ही पेंटिंग छपी थी. जोधईया बाई को अपनी कला के लिए कई अन्य सम्मान भी मिल चुके हैं.

बैगा आदिवासी समुदाय पेड़ों और बाघों में भगवान शिव को देखते हैं. यही वजह है कि बैगा चित्रकारी में भगवान शिव को बघासुर और पेड़-पौधों के रूप में चित्रित किया जाता है. बैगा चित्रकारी में प्रकृति के भी खूब दर्शन होते हैं. 

माया अहिरवार और अलका श्रीवास्तव को भी मिलेगा सम्मान
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली माया अहिरवार और शिवपुरी जिले की अलका श्रीवास्तव को भी महिला दिवस के मौके पर दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा. बता दें कि ये दोनों महिलाएं एएनएम हैं और कोविड वैक्सीनेशन अभियान के दौरान इन दोनों महिलाओं ने सर्वाधिक टीके लगाने का कारनामा किया था. 

कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर सोमवार शाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित महिलाओं से मुलाकात की. 

पुरस्कार प्राप्त करने वाली अन्य महिलाओं में मर्चेंट नेवी की कप्तान राधिका मेनन, सामाजिक उद्यमी अनीता गुप्ता, नवाचार के लिए मशहूर नासिरा अख्तर, इंटेल इंडिया की प्रमुख निवृत्ति राय, डाउन सिंड्रोम से पीड़ित कथक नृत्यांगना सायली नंदकिशोर अगवाने, जैविक खेती करने वाली आदिवासी कार्यकर्ता उषाबेन दिनेशभाई वसावा, सांपों के संरक्षण के लिए काम करने वाली पहली महिला वनिता जगदेव बोराडे और गणितज्ञ नीना गुप्ता का नाम शामिल है. 

Trending news