Narayanpur News: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस और डीआरजी को बड़ी सफलता मिली. गुरूवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की छिपी हथियार फैक्ट्री से करीब 1000 किलो एल्युमिनियम, सैकड़ों पाइप और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान का जखीरा जब्त किया गया.
Trending Photos
)
Narayanpur News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत नारायणपुर पुलिस और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार फैक्ट्री से जुड़े भारी मात्रा में सामान बरामद किया है. गुरुवार को एक सर्च ऑपरेशन के दौरान 1000 किलो एल्युमिनियम, सैकड़ों पाइप और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान का जखीरा जब्त किया गया. इस जब्ती से अबूझमाड़ में नक्सली नेटवर्क को एक और बड़ा झटका लगा है. यह घटना सोनपुर पुलिस स्टेशन इलाके में हुई. इसकी पुष्टि एसपी रॉबिन्सन गुड़िया ने की.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत कोरसकोड़ो-पांगुड-कंदुलपार इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान नक्सलियों के एक बड़े डंप का पता लगाया गया, जिसमें हथियार निर्माण में उपयोग होने वाला कच्चा माल और मशीनरी छिपाकर रखी गई थी. डीआरजी टीम ने पूर्व नियोजित एरिया डॉमिनेशन पेट्रोल में आवश्यक संशोधन करते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया और बिना किसी जनहानि के इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.
लगभग 1000 किलोग्राम एल्युमिनियम सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में लोहे और एल्युमिनियम के पाइप, बीजीएल सेल, खाली मैगजीन, इलेक्ट्रिक कटर, ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग उपकरण सहित अन्य मशीनरी सामान बरामद हुआ. इनमें लगभग 1000 किलोग्राम वजन की एल्युमिनियम छड़ें भी शामिल हैं, जिनका उपयोग हथियार निर्माण में किया जाना था.
कानूनी कार्रवाई जारी
बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित रूप से थाना सोनपुर लाकर प्रस्तुत किया गया है. मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार प्रभावी रूप से जारी है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रॉबिन्सन गुरिया ने कहा कि, 'नक्सलवाद के विरुद्ध हमारा अभियान निरंतर जारी है. सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से क्षेत्र में शांति और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा. निर्धारित समय-सीमा में नक्सलमुक्त बस्तर के लक्ष्य को हम अवश्य साकार करेंगे.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!