अनूपपुर: एक निजी स्कूल के हॉस्टल में हुई छात्र की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला ख़ुलासा हुआ है।
दूसरी क्लास के 7 साल के छात्र आयुष लकड़ा की हत्या की वजह जब सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।
पुलिस ने खुलासा किया है कि हत्या करने वाले कोई और नहीं, इसी स्कूल के 8 वीं के दो नाबालिग छात्र हैं।
पुलिस की गिरफ़्त में आए इन दोनों छात्रों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। दोनों छात्रों में से एक छत्तीसगढ़ और दूसरा बिहार का रहने वाला है।
दोनों छात्र आयुष को चॉकलेट देने के बहाने बाथरूम ले गए और उसका सिर दीवार पर कई बार मारा, जब आयुष बेहोश हो गया, तो सिर पर दोबारा रॉड से हमला किया गया और गले में सुइयां चुभा दी गईं।
ये भी बताया जा रहा है कि मौत के बाद दोनों छात्र जाकर छात्रों के साथ ऐसे खेलने लगे जैसे कुछ हुआ ही नहीं।
इस हत्या की वजह जानकर आप और हैरान रह जाएंगे। दोनों छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस हत्या को सिर्फ इसलिए अंजाम दिया क्योंकि इन दोनों छात्रों को हॉस्टल में रहकर पढ़ना पसंद नहीं था और वो चाहते थे कि इस घटना के बाद हॉस्टल बंद हो जाए।
11 नवम्बर की शाम दूसरी क्लास में पढ़ने वाले छात्र आयुष लकड़ा का शव बाथरूम में मिला था।
शुरू में इसे दुर्घटना के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन जब जांच हुई तो पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस का कहना है कि बच्चे सोशल मीडिया और चैनल से क्राइम करना सीख रहे हैं।



