Ujjain Murder Case: उज्जैन के माकड़ौन में ढाबे पर युवक की चाकूबाजी में हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने विरोध में बाजार बंद करा दिया. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
Trending Photos
)
(रिपोर्टः अनिमेष सिंह, उज्जैन)
Ujjain Crime News: उज्जैन जिले की तराना तहसील अंतर्गत ग्राम माकड़ौन में उस समय सनसनी फैल गई जब एक ढाबे पर एक युवक की हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप कथित '007 गैंग' पर लगाया है. मिली जानकारी के मुताबिक, युवक देर रात ढाबे पर मौजूद था, तभी कुछ बदमाश वहां पहुंचे और विवाद के बाद उस पर हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. गुस्साए नागरिकों ने न्याय की मांग को लेकर माकड़ौन बंद करा दिया. बाजार पूरी तरह बंद रहे और लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
चाकूबाजी की गंभीर घटना
माकड़ौन थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि माकड़ौन क्षेत्र में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है. घटना में लखन पिता जगदीश सोलंकी (जाति मोगिया) की चाकू लगने से मृत्यु हो गई, जबकि उसका छोटा भाई माखन पिता जगदीश सोलंकी (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. आक्रोशित प्रदर्शन करने वालों ने नगर बंद करवा रखा है.
जल्द होगी आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. आरोपियों में शंकर सिंह सोंधिया, ईश्वर सिंह सोंधिया, मनोहर सिंह पिता तूफान सिंह सोंधिया, दिलीप सोंधिया उर्फ दिलीप डीजे (पिता ईश्वर सिंह राजपूत), निवासी खेड़ा चिकली तथा उनके अन्य साथी शामिल है. वहीं इस मामले में उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है, अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी . मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार और जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!