गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू, पूरे महाराष्ट्र में भगवान गणपति का स्वागत
Advertisement

गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू, पूरे महाराष्ट्र में भगवान गणपति का स्वागत

गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू होने के साथ महाराष्ट्र के लोगों ने सोमवार को जोश एवं उत्साह के साथ अपने घरों और सामुदायिक पंडालों में सौभाग्य एवं समृद्धि के ईश्वर भगवान गणेश का स्वागत किया।

फोटो सौजन्‍य: एएनआई ट्वीटर

मुंबई/नागपुर : गणेश चतुर्थी उत्सव शुरू होने के साथ महाराष्ट्र के लोगों ने सोमवार को जोश एवं उत्साह के साथ अपने घरों और सामुदायिक पंडालों में सौभाग्य एवं समृद्धि के ईश्वर भगवान गणेश का स्वागत किया।

महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और नागपुर सहित प्रमुख शहरों में दस दिन के उत्सव की शुरूआत होते ही पारंपरिक कपड़े पहने श्रद्धालुओं ने गणपति की रंगीन मूतियों अपने घरों में स्थापित की। अपने घर में गणेश की पर्यावरण अनुकूल मूर्ति स्थापित करने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से पर्यावरण के अनुकूल तरीके से उत्सव मनाने की अपील की।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, सब को गणेश चतुर्थी मुबारक। पर्यावरण अनुकूल तरीके से गणेशोत्सव मनाए और उसका आनंद उठाए। गणपति बप्पा मोरेया’’ पूरे महाराष्ट्र में भक्ति भावना से ओत प्रोत लोग ‘गणपति बप्पा मोरया’ के नारे लगा रहे थे। मुंबई में श्रद्धालुओं ने प्रभादेवी इलाके में स्थित प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर सहित कई मंदिरों में ‘आरती’ में हिस्सा लिया। इस साल सिद्धिविनायक मंदिर में ‘आरती’ के लिए अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज दी है। 73 वर्षीय अभिनेता ने ट्वीट किया कि यह ‘दिव्य सम्मान’ मिलना उनके लिए ‘आशीर्वाद’ है। लोकप्रिय गणेश मंडलों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है। सुबह चार बजे लोकप्रिय लालबागचा राजा में तडके चार बजे से ही पूजा अर्चना और आरती हुई।

किंग सर्किल के जीएसबी सेवा मंडल में गणेश की 14 फुट उंची प्रतिमा स्थापित की गई है जबकि वडाला के जीएसबी मंडल का डिजाइन ही तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है। हिन्दी फिल्म जगत से जुड़े लोग जैसे सलमान खान, जितेन्द्र, नाना पाटेकर, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन, शिल्पा शेट्टी, सुरेश वाडेकर, गोविन्दा और मराठी फिल्मों और रंगमंच के अभिनेताओं ने अपने घरों में मूर्ति स्थापित कर गणेश चतुर्थी उत्सव मनाया। नागपुर में केंद्रीय जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने शहर के पूर्वी हिस्से के महल इलाके में स्थित अपने घर ‘गडकरी वाड़ा’ में परिवार के लोगों के साथ पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की। नागपुर के पुलिस सूचना केंद्र के अनुसार शहर में सार्वजनिक स्थलों पर करीब 1,163 गणेश मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं। पुलिस ने उत्सव के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी है।

 

Trending news