अमर सिंह के एक बार फिर से समाजवादी पार्टी में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं। बुधवार को समाजवादी पार्टी से अलग हो चुके राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की।
Trending Photos
ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली/लखनऊ: अमर सिंह के एक बार फिर से समाजवादी पार्टी में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं। बुधवार को समाजवादी पार्टी से अलग हो चुके राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की। मुलायम के दिल्ली आवास पर हुई इस मुलाकात में यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। लिहाजा अमर सिंह की सपा वापसी की सियासी अटकलबाजी एक नए सिरे से शुरू हो गई है। यह अमर सिंह और मुलायम सिंह यादव के बीच हुई तीसरी अहम मुलाकात है।
गौर हो कि समाजवादी पार्टी का मुस्लिम चेहरा आजम खां और अमर सिंह में बढ़े विवाद के बाद अमर सिंह को सपा से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। 20 नवंबर को राज्यसभा के सांसदों का चुनाव है। उत्तर प्रदेश की दस राज्यसभा सांसदों का चुनाव 20 नवंबर को होना है। जिसमें 6 सीटें सपा, 2 बसपा, 1 भाजपा, जबकि कांग्रेस-आरएलडी की 1 सीट है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को सपा की संसदीय दल की बैठक में उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है। इसी बैठक के मद्देनजर यह माना जा रहा है कि अमर सिंह को समाजवादी पार्टी की तरफ से राज्य सभा का टिकट दिया जा सकता है।