विशाखापत्तनम में नौसेना का जहाज डूबने से एक की मौत, चार लापता
Advertisement

विशाखापत्तनम में नौसेना का जहाज डूबने से एक की मौत, चार लापता

भारतीय नौसेना का एक टॉरपीडो रिकवरी जहाज नौसैनिक अभ्यास के दौरान विशाखापत्तनम के समुद्र तट के पास डूब गया जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और चार अन्य लापता हैं। 23 लोगों को बचा लिया गया है और लापता हुए लोगों के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

विशाखापत्तनम/नई दिल्ली : भारतीय नौसेना का एक टॉरपीडो रिकवरी जहाज नौसैनिक अभ्यास के दौरान विशाखापत्तनम के समुद्र तट के पास डूब गया जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और चार अन्य लापता हैं। 23 लोगों को बचा लिया गया है और लापता हुए लोगों के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

गुरुवार रात करीब आठ बजे हुई इस घटना के समय जहाज पर 28 लोग सवार थे। नौसेना ने कहा, ‘यह जहाज एक नियमित अभ्यास के दौरान बेड़े के जहाजों से दागे गए टॉरपीडो इकट्ठे करने के नियमित मिशन पर था, तभी इसके एक कंपार्टमेंट में पानी भरने का पता चला।’

दिल्ली में जारी बयान में नौसेना ने कहा, ‘बचाव अभियान के दौरान चालक दल के एक सदस्य की मृत्यु हो गयी और चार जवान लापता हैं। 23 लोगों को क्षेत्र में तैनात तलाशी और बचाव जहाजों ने सुरक्षित बचा लिया है।’ नौसेना के अधिकारियों ने कहा कि पानी भरना उस समय शुरू हुआ जब जहाज अभ्यास में इस्तेमाल नकली टॉरपीडो एकत्रित करके लौट रहा था।

विशाखापत्तनम में नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘घटना विशाखापत्तनम पोस्ट से 10-15 किलोमीटर के दायरे में घटी है।’ उन्होंने कहा कि कुछ पानी भर जाने की वजह से जलपोत डूब गया। टॉरपीडो रिकवरी वेसल (टीआरवी) एक सहायक जहाज होता है जिसका इस्तेमाल बेड़े के जहाजों और पनडुब्ब्यिों से अभ्यास के दौरान दागे गये टॉरपीडो को एकत्रित करने के लिए किया जाता है।

23 मीटर लंबे इस जहाज का निर्माण 1983 में गोवा शिपयार्ड द्वारा किया गया था और इसने पिछले 31 साल तक भारतीय नौसेना की सेवा की है। पिछले कुछ महीनों में नौसेना को ऐसे कई हादसों का सामना करना पड़ा है। इस तरह की दुर्घटनाओं के मद्देनजर एडमिरल डी के जोशी के इस्तीफे के बाद इस साल 17 अप्रैल को एडमिरल आर के धवन ने नौसेना प्रमुख का पद संभाला था।

Trending news