Doda School viral video: हालात पर चिंता जताते हुए ये भी कहा गया है कि सामाजिक कार्यकर्ता राजा शकील की ओर से एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करवाई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि इस तरह की चरमपंथी और हिंसक शिक्षाओं से छोटे बच्चों के बाल मन यानी उनकी मेंटल हेल्थ पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.
Trending Photos
)
रजत वोहरा, जम्मू: जम्मू-कश्मीर के चेनाब क्षेत्र के डोडा ज़िले में एक सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है. वीडियो में एक शिक्षक को स्कूल की सुबह की प्रार्थना सभा (मॉर्निंग असेंबली) करवाते हुए देखा जा सकता है, जबकि बच्चे पीछे से ‘खून से तिलक करो, गोलियों से आरती’ जैसे शब्दों वाला गीत गा रहे हैं.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है और संबंधित शिक्षक का वेतन जांच पूरी होने तक रोकने के निर्देश दिए हैं.
जांच का आदेश
मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) डोडा, इक़बाल हुसैन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है- 'सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, विशेष रूप से सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर राजा शकील के फेसबुक पेज पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सरकारी मिडिल स्कूल सिचल (GMS Sichal) के छात्र-छात्राओं को एक ऐसी प्रार्थना गाते हुए दिखाया गया है जो नाबालिग बच्चों के लिए अनुचित मानी जा रही है.'
ये भी पढ़ें- सेना के 'फ्यूचर रेडी' अवतार ने उड़ाए पाकिस्तान के तोते, 1 मिनट 43 सेकेंड का ट्रेलर देख; कांप रहे देश के दुश्मन
आदेश में आगे कहा गया है कि सामाजिक कार्यकर्ता राजा शकील की ओर से एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करवाई गई है, जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि इस तरह की चरमपंथी और हिंसक शिक्षाओं से छोटे बच्चों के बाल मन यानी उनकी मेंटल हेल्थ पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.
वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में छह से आठ वर्ष की उम्र के बच्चे गाते हुए सुने जा सकते हैं- 'पुकारती मा भारती, खून से तिलक करो, गोलियों से आरती.' वीडियो में शिक्षक कहते हुए नजर आते हैं, 'आज 6 नवंबर है, सरकारी मिडिल स्कूल सिचल में नई क्लासिफिकेशन हुई है. बच्चे स्कूल आ चुके हैं और सुबह की असेंबली चल रही है… जय हिंद, जय भारत.'
Doda के स्कूली बच्चों को ये किसने सिखाया... मामले की जांच जारी pic.twitter.com/NzHmsV5l2Y
— Shwetank Ratnamber (@swwetanksr) November 9, 2025
फिलहाल डोडा जिले का शिक्षा विभाग की जांच समिति इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है कि उक्त प्रार्थना स्कूल के कोर्स या शिक्षण गतिविधियों का हिस्सा थी या नहीं, और इसके लिए जिम्मेदार कौन है.