केरल नगर निकाय चुनाव: यूडीएफ को झटका, भाजपा ने बनायी पैठ
Advertisement

केरल नगर निकाय चुनाव: यूडीएफ को झटका, भाजपा ने बनायी पैठ

केरल के नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत यूडीएफ को शनिवार को तगड़ा झटका लगा और माकपा नीत एलडीएफ ने आधे से ज्यादा निकायों में जीत हासिल की वहीं भाजपा ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए पैठ बनायी।

फाइल फोटो (प्रतीकात्मक)

तिरूवनंतपुरम : केरल के नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत यूडीएफ को शनिवार को तगड़ा झटका लगा और माकपा नीत एलडीएफ ने आधे से ज्यादा निकायों में जीत हासिल की वहीं भाजपा ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए पैठ बनायी।

इन चुनावों को राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

दो नवंबर और पांच नवंबर को दो चरणों में हुए चुनाव के नतीजों के अनुसार एलडीएफ ने छह नगर निगमों में से चार पर नियंत्रण कर लिया है। इसके अलावा उसने 86 नगर पालिकाओं में से 45 तथा 941 ग्राम पंचायतों में से 545 में भी जीत दर्ज की है।

यूडीएफ सिर्फ दो निगम, 40 नगरपालिका और 366 ग्राम पंचायत ही जीत सकी। इसके बाद वाम मोर्चा और भाजपा ने सत्तारूढ़ मोर्चा के अभियान की अगुवाई करने वाले मुख्यमंत्री ओमन चांडी के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा को अभी तक राज्य में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कोई कामयाबी नहीं मिली है। भाजपा ने एक नगरपालिका और 14 ग्राम पंचायतों में जीत हासिल की। लेकिन कई स्थानों पर खासकर तिरूवनंतपुरम, एर्नाकुलम और पलक्कड में उसने अच्छा प्रदर्शन कर दोनों गठबंधनों के लिए खतरे की घंटी बजा दी।

केरल में पिछड़े समुदाय एजहावा के संगठन श्री नारायण धर्म परिपालन योगम के साथ सहयोग के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के राजनीतिक एजेंडा का फायदा मिलता प्रतीत हो रहा है।

Trending news