रोज वैली घोटाले में तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय गिरफ्तार, भाजपा दफ्तर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं का हमला
Advertisement

रोज वैली घोटाले में तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय गिरफ्तार, भाजपा दफ्तर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं का हमला

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय को सीबीआई ने मंगलवार को रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में गिरफ्तार किया। इससे गुस्साए तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर हमला कर दिया जिसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं, दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया। 

रोज वैली घोटाले में तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय गिरफ्तार, भाजपा दफ्तर पर तृणमूल कार्यकर्ताओं का हमला

कोलकाता : लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय को सीबीआई ने मंगलवार को रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में गिरफ्तार किया। इससे गुस्साए तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर हमला कर दिया जिसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं, दोनों पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया। 

सीबीआई सूत्रों ने बताया कि बंदोपाध्याय तृणमूल कांग्रेस के दूसरे सांसद हैं, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर इस घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। बंदोपाध्याय को चार घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार किया गया। इससे पहले अभिनेता से नेता बने तापस पाल को गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘बंदोपाध्याय रोज वैली प्रायोजित विदेश दौरों के संबंध में उचित जवाब नहीं दे सके और उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया।’ बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी से आक्रोशित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता मध्य कोलकाता स्थित भाजपा कार्यालय पर पहुंचे और नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पथराव किया जिसमें भगवा पार्टी के कई कार्यकर्ता घायल हो गए और वहां खड़ी आधा दर्जन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। बंदोपाध्याय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी के विश्वास पात्र हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने दावा किया कि हमले में उनकी पार्टी के 15 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। प्रदर्शन जारी रहने के मद्देनजर सीआरपीएफ की एक टुकड़ी को भाजपा कार्यालय और उसके कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रवाना किया गया।

सिन्हा ने कहा, ‘हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अपील की है कि वह सीआरपीएफ को भेजे ताकि हमारी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सीआरपीएफ की एक टुकड़ी हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भाजपा कार्यालय भेजी गई।’ तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी से नाराज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल उन लोगों के खिलाफ करने का आरोप लगाया जिन्होंने नोटबंदी के खिलाफ आवाज उठाई है।

ममता ने आरेाप लगाया कि बंदोपाध्याय को पीएमओ से दबाव के तहत गिरफ्तार किया गया और आश्चर्य जताते हुए कहा, ‘क्यों नरेंद्र मोदी और अमित शाह को गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए।’ रोज वैली चिटफंड घोटाला में सीबीआई द्वारा सुदीप की गिरफ्तारी के तत्काल बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं सोच सकती कि सुदीप बंदोपाध्याय जो लोकसभा में हमारी पार्टी के नेता हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मेरे पास यह भी सूचना है कि मोदी तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य नेताओं यथा अभिषेक बनर्जी, शोभन चटर्जी (शहर के मेयर) और फरहाद हाकिम (मंत्री) की गिरफ्तारी चाहते हैं।’ 
उन्होंने कहा, ‘मैं स्तब्ध हूं, लेकिन डरी हुई नहीं हूं। उन्हें हम सबको गिरफ्तार करने दें। मैं खुलेआम उन्हें चुनौती देती हूं कि मुझे गिरफ्तार करें। देखते हैं उनमें कितना दम है। वह दूसरों को चुप करा सकते हैं लेकिन मुझे नहीं। वह हमारी आवाज को नहीं दबा सकते हैं। वह लोगों की आवाज को दबा नहीं सकते।’ उन्होंने कहा, ‘हम हर मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। पार्टी सुदीप के साथ है। उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। अगर वह जेल में हैं, तब भी बंगाल के लोग उन्हें अपने दिलों में रखेंगे।’ 

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि यहां पार्टी की एक आपात बैठक हुई जिसमें फैसला किया गया कि पार्टी के सभी लोकसभा और राज्यसभा सदस्य कल दिल्ली जाएंगे और देश में वित्तीय आपातकाल और अन्य आपातकाल के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। बंदोपाध्याय के प्रति एकजुटता प्रकट करने के लिए सांसद, विधायक और मंत्रियों समेत कई तृणमूल कांग्रेस नेता सीबीआई कार्यालय पहुंचे।

उधर, ‘प्रतिशोध की राजनीति’ के आरोपों का खंडन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आज सवाल किया कि क्यों सिर्फ तृणमूल नेताओं को ही सभी चिटफंड घोटालों में संलिप्त पाया जा रहा है। सिंह ने कहा, ‘उन्हें इस तरह के निराधार आरोप लगाने बंद करने चाहिए। विधि का शासन सबके लिए समान है। मेरा सवाल है कि क्यों सिर्फ तृणमूल कांग्रेस नेताओं को समूचे राज्य में सारे चिटफंड घोटालों में संलिप्त पाया जा रहा है।’ सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख को जानना चाहिए कि उनके शासन के पापों का अब कानून द्वारा पर्दाफाश किया जा रहा है।

सिंह पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के सह-प्रभारी भी हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम इस तरह के निराधार आरोपों का उत्तर भी नहीं चाहते हैं। वह अपनी पार्टी के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी से डरी हुई हैं और इसलिए इस तरह के निराधार आरोप लगा रही हैं।’ उन्होंने कहा कि सीबीआई उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर काम कर रही है क्योंकि पश्चिम बंगाल के 17 लाख गरीब लोगों को चिटफंड घोटाले के अपराधियों ने लूटा है।

सिंह ने कहा कि ममता को संवैधानिक प्राधिकार होने के नाते जांच में सहयोग करना चाहिए।

उधर, ममता ने कहा कि यह केंद्र, सेबी और आरबीआई का कर्तव्य है कि वो चिटफंड योजनाओं पर अंकुश रखें। इसमें वे ‘पूरी तरह विफल’ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मैं मोदी को सीधे तौर पर चुनौती देती हूं। आप कुछ भी सिर्फ इसलिए नहीं कर सकते कि तृणमूल कांग्रेस सही है और आप गलत हैं। आप लोगों की आवाज को दबा नहीं सकते। आपको (नकदी निकालने पर) पाबंदियों को हटाना है। मोदी को पता नहीं है कि यह राजनैतिक प्रतिशोध उन्हें कहां ले जाएगा। हम डरे हुए नहीं हैं और नोटबंदी के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे।’ 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ‘तृणमूल कांग्रेस का ध्वज लिए लोगों ने हमारे कार्यालय पर पथराव किया क्योंकि उनके नेता को एक घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। क्या यह लोकतंत्र है। उन्हें आम आदमी को लूटने से पहले इस बारे में सोचना चाहिए था।’ बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय कोयला एवं बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो वह पकड़ा जाएगा।

गोयल ने कहा, ‘अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो वह पकड़ा जाएगा। अगर कोई निराधार आरोपों से अपनी गलतियों को ढंकने की कोशिश करता है---हमने जांच में कभी हस्तक्षेप नहीं किया है।’ इस बीच, कांग्रेस ने आज आरोप लगाया कि लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय की सीबीआई द्वारा की गई गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने विरोधियों के खिलाफ शुरू किया गया प्रतिशोध है और आश्चर्य जताया कि क्या ऐसा विपक्ष की एकता की प्रतिक्रिया स्वरूप किया गया है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने नयी दिल्ली में कहा, ‘क्या तृणमूल कांग्रेस सांसद की गिरफ्तारी विपक्ष की एकता की प्रतिक्रिया स्वरूप की गयी।’ प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में धन शोधन के आरोपों की जांच के सिलसिले में आठ होटलों और एक रॉल्स रॉयस लक्जरी कार समेत 1250 करोड़ रपये की संपत्ति को कुर्क किया था।

एजेंसी ने फर्म, इसके अध्यक्ष गौतम कुंडू और अन्य के खिलाफ धन शोधन निरोधक अधिनियम के प्रावधानों के तहत 2014 में एक प्राथमिकी दर्ज की थी। कुंडू को पिछले साल गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

ये भी देखे

Trending news