माओवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी में महिला घायल
Advertisement

माओवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी में महिला घायल

कोरापुट जिले के एक जंगल में माओवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी में एक आदिवासी महिला गोली लगने से घायल हो गयी।

कोरापुट (ओडिशा) : कोरापुट जिले के एक जंगल में माओवादियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी में एक आदिवासी महिला गोली लगने से घायल हो गयी।

पुलिस अधीक्षक चरण सिंह मीना ने आज कहा, महिला शुक्रवार शाम को गोलीबारी के समय जंगल से गुजर रही थी और इस दौरान उसे गोली लग गयी। उसकी हालत अब स्थिर है। उसका इलाज कोरापुट के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक एक धरपकड़ अभियान में भाग लेकर लौट रहे बीएसएफ के एक दल ने छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे कदंबो जंगल में एक ट्रांजिट माओवादी शिविर देखा।

एसपी ने कहा, गोलीबारी के वक्त शिविर में करीब 10 माओवादी थे। हमारे जवानों को देखकर नक्सलियों ने गोली चला दी जिस पर हमने भी जवाबी कार्रवाई की। उस समय जंगल से गुजर रही एक महिला जख्मी हो गयी। गोलीबारी जारी रही, लेकिन माओवादी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गये। बाद में बीएसएफ के जवानों को मौके से माओवादियों का सामान मिला जिनमें दवाएं, वर्दी और विस्फोटक सामग्री शामिल है।

एसपी ने कहा, हमें माओवादी खेमे में भी कुछ के जख्मी होने का संदेह है क्योंकि मौके पर खून के दाग मिले हैं। इस बीच पुलिस ने छत्तीसगढ़ सीमा से लगे इलाके में धरपकड़ अभियान तेज कर दिया। उन्होंने कहा, हमने नक्सलियों का पता लगाने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की हैं। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ सीमा से लगे होने की वजह से सीमावर्ती राज्य से माओवादियों की आवाजाही की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता। पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है।

 

Trending news