पाकिस्तान ने फिर पुंछ में एलओसी पर तोड़ा सीजफायर, भारतीय सैनिकों ने भी की जवाबी कार्रवाई
Advertisement

पाकिस्तान ने फिर पुंछ में एलओसी पर तोड़ा सीजफायर, भारतीय सैनिकों ने भी की जवाबी कार्रवाई

पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को फिर पुंछ जिले के दो सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर भारत की अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। पाक ने गोलाबारी कर दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की।

फाइल फोटो

जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को फिर पुंछ जिले के दो सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर भारत की अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। पाक ने गोलाबारी कर दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह करीब सात बजे कृष्णा घाटी में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों पर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे। प्रवक्ता के अनुसार, पाक सैनिकों ने 82 एमएम के मोर्टार बम दागे। साथ ही प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार शाम छह बजकर 20 मिनट से नौ बजे तक बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों को स्वचालित हथियारों से निशाना बनाया।

उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और इलाके से आखिरी खबर आने तक गोलीबारी जारी थी। प्रवक्ता ने कहा कि हमारी ओर से समुचित जवाब दिया गया। किसी के हताहत होने या किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। पाकिस्तानी सैनिकों ने इस साल सितंबर में 17 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।

रविवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर मंजरकोट सेक्टर में एक भारतीय चौकी पर गोले दागे जिससे बीएसएफ के अधिकारी सोहन शहीद हो गए।

Trending news