लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का पीएम मोदी आज जवाब देने वाले थे. हालांकि, विपक्ष के भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. इस बीच बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने एक गंभीर आरोप विपक्षी महिला सांसदों पर लगाया है.
Trending Photos
)
Parliament Budget Session: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देने वाले थे. हालांकि, भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही नहीं हो सकी. जोरदार हंगामे की वजह से पीठासीन संध्या राय ने लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया. इस कारण पीएम मोदी का भी संबोधन टल गया. अब इसको लेकर बीजेपी की ओर से विपक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने लोकसभा की कार्यवाही के दौरान भारी हंगामा और स्थगन को लेकर आरोप लगाया कि पीएम मोदी जहां बैठते हैं, विपक्ष के लोग वहां तक चढ़ गए. मनोज तिवारी का आरोप है कि विपक्ष की महिला सांसदों ने पीएम की चेयर का घेराव किया. मनोज तिवारी ने यहां तक कह दिया कि विपक्ष की महिला सदस्यों की मंशा पीएम पर हमले की थी.
#WATCH Delhi | BJP MP Manoj Tiwari says, "You will be shocked to see the pictures of what happened today... This situation shows that since the public is defeating them (Congress), they will not allow us (BJP) to speak in the Parliament. The country has achieved such a great… pic.twitter.com/rkbWt0ts84
— ANI (@ANI) February 4, 2026
लोकसभा में भारी हंगामा
दरअसल, लोकसभा में आज भी पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब के कुछ अंशों को सदन में प्रस्तुत करने की अनुमति न मिलने पर विपक्ष के सदस्यों ने हंगामा किया. राहुल गांधी का कहना है कि वह इस किताब के कुछ अंश देश के सामने रखना चाहते हैं. हालांकि, सत्ता पक्ष की ओर से कहा गया है कि जो पुस्तक प्रकाशित नहीं हुई है, उसको सदन के पटल पर नहीं रखा जा सकता. इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने लोकसभा में भारी हंगामा किया और कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा.
वहीं, पीएम मोदी के बोलने से ठीक पहले वर्षा गायकवाड़ और ज्योतिमणि सहित विपक्ष की कुछ महिला सांसदों ने प्रधानमंत्री मोदी की सीट सहित सत्ताधारी पार्टी की सीटों की कुर्सियों को अवरुद्ध कर दिया. इस दौरान विपक्षी महिला सांसदों ने एक बड़ा बैनर भी लिया था. जिसपर लिखा जो सही है वही करो. बता दें कि इन विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन मंगलवार को हुए आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन के खिलाफ था. इसके बाद पीठासीन संध्या राय ने कार्यवाही स्थगित कर दी. इसके बाद महिला सांसदों ने कई मंत्रियों के आग्रह पर ही अपना अवरोध समाप्त किया.
राहुल गांधी का एक्स पोस्ट
शाम को सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि जैसा मैंने कहा, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी डरे हुए हैं और वह सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते हैं.
जैसा मैंने कहा, पीएम मोदी संसद में नहीं आएंगे क्योंकि वो डरे हुए हैं और सच्चाई का सामना नहीं करना चाहते। pic.twitter.com/1d2UmvR9mz
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 4, 2026
धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली
गौरतलब है कि आज दोपहर में सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी सांसदों ने 2020 में चीन के साथ हुए गतिरोध के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए खड़े हो गए. इस कारण हंगामे के बाद सदन को फिर से स्थगित करना पड़ा और पीएम मोदी का संबोधन नहीं हो सका. लोकसभा ने अभी तक धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है. चूंकि, सदन को कल स्थगित कर दिया गया है, ऐसे में संभावना है कि चर्चा कल भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: 'लेटर बम' से सियासी घमासान, निशिकांत दुबे की तरफ बढ़े विपक्षी सांसद, मेघवाल-वैष्णव ने रोका