PM Modi Gift to Putin: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चुने गए ये विशेष उपहार न केवल भारतीय सांस्कृतिक विविधता और शिल्प कौशल को दर्शाते हैं, बल्कि भारत और रूस के बीच दशकों पुराने भरोसे, सहयोग और मित्रता की गर्माहट को भी और प्रगाढ़ बनाने वाले प्रतीक बनकर उभरे.
Trending Photos
)
PM Modi Gift To Putin: भारत–रूस शिखर वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को छह खास भारतीय उपहार भेंट किए, जिनमें भारतीय परंपरा, शिल्पकला और मित्रता की झलक स्पष्ट दिखाई दी. इन उपहारों में असम की सुगंधित काली चाय, मुर्शिदाबाद का बारीक नक्काशीदार चांदी का चाय सेट, महाराष्ट्र का कलात्मक चांदी का घोड़ा, आगरा का संगमरमर से बनाया गया शतरंज सेट, कश्मीर का GI-टैग वाला केसर और रूसी भाषा में अनुवादित भगवद गीता शामिल थे.
भारत–रूस संबंधों की कूटनीतिक मेज पर जब सौहार्द की चाय उबलती है, तो उसके साथ उपहारों की महक भी रिश्तों को और प्रगाढ़ बना देती है. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आज रात निर्धारित विदाई से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें छह विशेष उपहार भेंट किए, जिनमें भारतीय संस्कृति, कला और परंपरा की अनूठी छाप झलकती है. हर उपहार न सिर्फ एक वस्तु था, बल्कि भारत–रूस दोस्ती की गर्माहट से लिपटा एक भावनात्मक संदेश भी. रूसी भाषा में अनुवादित भगवद्गीता को पुतिन को सौंपे जाने की जानकारी पहले से ही लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई थी. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भारत की विविध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाते पांच और नायाब तोहफे भी भेंट किए.

1- मुर्शिदाबाद का चांदी का टी सेट
पीएम मोदी ने अपने दोस्त पुतिन को पश्चिम बंगाल की कारीगरी से सजा यह खूबसूरत चांदी का टी-सेट भेंट किया जो कि भारतीय शिल्पकला की नफ़ासत और चाय संस्कृति की साझी परंपरा को दर्शाता है. भारत और रूस दोनों में चाय आत्मीयता, मेल–जोल और रिश्तों की गर्माहट का प्रतीक है और पीएम मोदी का दिया गया यह उपहार उसी स्थायी दोस्ती का भावपूर्ण संकेत है.
2 - आगरा का संगमरमर शतरंज सेट
पीएम मोदी ने पुतिन को आगरा की शिल्प परंपरा और ODOP विरासत को समेटे यह मार्बल चेस सेट बारीकी से जड़े गए पत्थरों का बना एक शतरंज गिफ्ट किया. यह शतरंज फूलदार बॉर्डर और विपरीत रंगों के मोहरों के साथ कला और उपयोगिता दोनों का अद्भुत मिश्रण है. यह केवल खेल नहीं, बल्कि उत्तर भारतीय इनले वर्क का संग्रहणीय नमूना भी है.
3 - असम की बेहतरीन ब्लैक टी
पीएम मोदी ने अपने दोस्त पुतिन को ब्रह्मपुत्र नदी के मैदानी इलाकों में उपजाऊ मिट्टी में उगाई जाने वाली असम ब्लैक टी भी गिफ्ट की है. यह ब्लैक टी अपने मज़बूत माल्टी फ्लेवर, चमकदार लिकर और असमिया किस्म का इस्तेमाल करके पारंपरिक प्रोसेसिंग के लिए जानी जाती है. ये चाय इस ज़मीन, जलवायु और शिल्प से बनी एक समृद्ध विरासत को दर्शाती है.
4- महाराष्ट्र का चांदी का घोड़ा
पीएम मोदी ने पुतिन को हाथों से बनाया गया बारीक नक्काशी वाला यह चांदी का घोड़ा भी गिफ्ट किया. ये घोड़ा महाराष्ट्र की धातु कला की उत्कृष्टता दर्शाता है. शौर्य और गरिमा के प्रतीक इस घोड़े का आगे बढ़ता हुआ आक्रितिक रूप भारत और रूस की निरंतर प्रगति करती साझेदारी का सुंदर रूपक प्रस्तुत करता है. यह साझा विरासत और आपसी सम्मान को दर्शाता है.
5- कश्मीरी केसर
कश्मीर के ऊंचे पठारों में उगने वाला GI–टैग प्राप्त ज़ाफ़रान अपनी रंगत, सुगंध और स्वाद के लिए दुनिया में मशहूर है. GI और ODOP मान्यता द्वारा संरक्षित, यह विरासत, पारंपरिक हाथ से कटाई और स्थानीय किसानों के लिए आर्थिक मूल्य का प्रतिनिधित्व करता है.अपने स्वास्थ्य लाभों के लिए प्रसिद्ध यह 'लाल सोना' प्रकृति, परंपरा और शिल्प कौशल का मिश्रण है. हस्त–तोड़ाई और किसानों की मेहनत का अमूल्य प्रतीक है जो सेहत और विरासत दोनों का संगम दर्शाता है.
6 - भगवद गीता
महाभारत का अमर उपदेश श्रीमद भगवद गीता भी पीएम मोदी ने पुतिन गिफ्ट किया. गीता हमें कर्तव्य, आत्मा और मोक्ष के संदेश के साथ जीवन का मार्गदर्शन देती है. रूसी भाषा में अनुवादित यह भारतीय ग्रंथ आधुनिक पाठकों तक आध्यात्मिक ज्ञान पहुंचाने और दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने वाला अनमोल उपहार है.
यह भी पढ़ेंः पुतिन को 'श्रीमद्भगवद्गीता' देने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- कुरान शरीफ भी देते