)
PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के दौरे पर रहे, जहां पर उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के 45वें वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लिया. वहीं, इसी दौरान पीएम मोदी ने नवनिर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन किया. पीएम मोदी ने यहां पर एक जनसभा को भी संबोधित किया, जिसमें आध्यात्मिकता, राष्ट्र-निर्माण में जन भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया.
दरअसल, पीएम मोदी का आज का दक्षिण भारत का दौरा ऐसे समय पर हुआ, जब हाल में ही देश के कई राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आए हैं. पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में इन चुनाव परिणामों पर भी चर्चा की है. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि समाज किसी भी सरकार या संगठन से अधिक ताकतवर होता है.
इस कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा माना है कि समाज राजनीति और सरकार से भी ज्यादा शक्तिशाली है. उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार उसी वक्त सफल हो सकती है, जब समाज खुद उसके निर्माण में भाग ले. पीएम मोदी ने यहां पर ध्यान मंदिर का उद्घाटन करते हुए कहा कि जब इरादे साफ होते हैं और सेवा भाव से काम किया जाता है, तो हर प्रयास सकारात्मक परिणाम देता है.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु की सराहना करते हुए कहा कि यह शहर सॉफ्टवेयर और सेवाओं के लिए जाना जाता है. हालांकि, अबसे यह भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी नई ऊंचाई दे रहा है. उन्होंने इस दौरान कहा कि योग, ध्यान और प्राणायाम जैसी प्राचीन भारतीय विरासत आज पूरी दुनिया को प्रेरित कर रही है.
लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने हाल में ही आए पांच राज्यों के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश में इन परिणामों की चर्चा की जा रही है. चुनाव के परिणामों ने साफ संकेत दिया कि ये नतीजे भारत की राजनीति के लिए काफी अहम हैं और यह बताते हैं कि देश के युवा और किसान सभी देश के सभी हिस्सों में एक मजबूत सरकार चाहते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के परिवेश में देश के सभी हिस्सों में लोग स्थिरता और विकास के पक्ष में अपना समर्थन करते हैं. उन्होंने कहा कि अब घोटालों वाली राजनीति नहीं, बल्कि समाधान और विकास की राजनीति लोगों की पसंद है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कर्नाटक में नजीते आने के बाद सरकार में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने अपने सबसे पुराने साथी के साथ भी गठबंधन को तोड़ दिया.