Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा में जिंदल प्लांट से निकाले गए युवक ने बेरोजगारी से परेशान होकर जान देने की कोशिश की. भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित कई पर गंभीर आरोप लगे है. पुलिस जांच में जुटी है.
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: सात वर्षों से बेरोजगारी और लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया. मामला भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के सूरास गांव का है, जहां के निवासी किशन गुर्जर (35) पुत्र गोवर्धन गुर्जर ने भाजपा मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गाडरी सहित अन्य कुछ लोगों पर नौकरी से निकलवाने और धमकियां देने के आरोप लगाए हैं.
जानकारी के अनुसार, किशन गुर्जर पहले जिंदल प्लांट में कैजुअल ठेकेदार भैरूलाल गाडरी के अधीन माइनिंग हेल्पर के पद पर कार्यरत था. करीब तीन वर्षों तक कार्य करने के बाद राजनीतिक द्वेष के चलते उसे काम से निकलवा दिया गया. पीड़ित के अनुसार उसने इस अन्याय के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा भी दायर किया, जो वर्तमान में जोधपुर हाईकोर्ट में विचाराधीन है.
किशन का आरोप है कि जब उसने न्यायालय में रिपोर्ट दर्ज कराई तो रिपोर्ट वापस लेने के लिए पैसों का लालच और धमकियां दी गई. मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती रही हैं. किशन ने आरोप लगाया कि वह वर्ष 2018 से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है और इन परिस्थितियों ने उसे डिप्रेशन में धकेल दिया. शनिवार को किशन ने जहरीला पदार्थ खाया और मांडल थाने पहुंचकर पुलिस से कहा कि पहले मेरी रिपोर्ट दर्ज करो, फिर जो करना हो कर लेना. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल उसे उप जिला अस्पताल मांडल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया.
पीड़ित द्वारा लिखे सुसाइड नोट और पत्रों में भाजपा मंडल अध्यक्ष भैरूलाल गाडरी सहित अन्य पर संगीन आरोप लगाए गए हैं. किशन ने यह भी लिखा है कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान है और न्याय न मिलने की स्थिति में जीवन लीला समाप्त करने को मजबूर है. फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस द्वारा कोई औपचारिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था.
जहर खाकर पहुंचा थाने
युवक किशन ने आहत होकर जहर का सेवन कर लिया था, जिसकी जानकारी जैसे ही उसके पिता गोवर्धन गुर्जर को हुई तो वे जल्दी उसको मांडल अस्पताल लेकर पहुंचने लगे किंतु उसने कहा कि अगर थाने में ले जाकर मेरी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तब तक मैं अस्पताल नहीं जाऊंगा. तब तक उसको जहर का ज्यादा असर नहीं हुआ था. उसके पिता उसे थाने ले गए जहां पुलिस के कहने पर वह शीघ्र पहले उसे अस्पताल ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
मांडल भाजपा मंडल अध्यक्ष भैरू लाल गाडरी ने कहा कि जब किशन गुर्जर जिंदल प्लांट में काम करता था तब उसके विरुद्ध महिला के साथ छेड़छाड़ का एवं चोरी का आरोप लगा था और उसका गेट बंद दिया गया. इसको हाईकोर्ट से जमानत हुई थी और जिस कारण पुलिस वेरिफिकेशन नहीं बन पाई और उसके बिना नहीं लगाया जाता है. कुछ कारणों से जिंदल का काम बंद है इसके चलते कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा षड्यंत्र रचने के प्रयास किए जा रहे हैं. मैंने इसको कभी प्रताड़ित नहीं किया है किंतु दो दिन पूर्व जानकारी हुईं कि उसने किसी व्यक्ति को मुझे जिंदल में भैरू गाडरी ने नहीं लगवाया तो गोली से मार दूंगा, तब मैने उसके विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी आरोप निराधार है, जांच में सब सामने आ जाएगा.
ये भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राजस्थान में अभी और कहर बरपाएगा मानसून! ताबड़तोड़ बारिश से भीगेगा प्रदेश का कोना-कोना
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!