&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Mandal, Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले के उपखंड बनेड़ा क्षेत्र के रायसिंहपुरा गांव में तालाब भरने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए बनाई गई रपट और नहर को गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने राजनीतिक आड़ में मिट्टी डालकर अवरुद्ध कर दिया. इसके चलते तालाब का अतिरिक्त पानी बाहर नहीं निकल पाया और गांव के ऊपरी क्षेत्र पेटा काश्त से लेकर अतिरिक्त कृषि भूमि तक भर गया, जिसके कारण क्षेत्र में जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए है.
नतीजा यह हुआ कि सैकड़ों बीघा खेतों में करीब चार फीट तक पानी जमा हो गया है. खेत जलमग्न होने से खड़ी फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं. किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से जल निकासी रोककर किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा किया गया है.
पहले भी हो चुका हादसा, लेकिन स्थाई समाधान नही
ग्रामीणों ने बताया कि साल 2019 में भी इसी तरह तालाब की रपट और नहर को मिट्टी डालकर रोक दिया गया था. उस समय तत्कालीन जिला कलेक्टर राजेंद्र भट्ट ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे लेकिन विभागीय अधिकारियों ने स्थाई समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया. नतीजतन आज फिर वही स्थिति बनी है और किसानों का बड़ा नुकसान हो रहा है.
किसानों की नाराजगी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
किसानों का कहना है कि तालाब की जल निकासी व्यवस्था को जानबूझकर बाधित करना क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा है. अगर बारिश और बढ़ जाती तो हालात और भी भयावह हो सकते थे. पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन जिला कलेक्टर जसमीत संधू को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, विभागीय लापरवाही की जांच कराने और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है.
स्थाई प्रबंध नहीं हुए तो हर साल होगा संकट
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक तालाब की निकासी व्यवस्था का स्थाई समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक हर वर्ष यही हालात बनेंगे. यह केवल किसानों की आजीविका पर हमला नहीं है बल्कि पूरे गांव के लिए खतरा है. मामले में कनिष्ठ अभियंता रवि मीणा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी तक नहीं है, अब जाकर मौका देखेंगे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Bhilwara News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!