&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: मुख्य सचिव सुधांश पंत ने आज अजमेर दौरे के दौरान अजमेर और ब्यावर के आला अधिकारियों के साथ दो घंटे तक विस्तृत बैठक कर जिले के विकास, प्रशासनिक कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने अजमेर प्रशासन के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति की है, जिसे और बेहतर बनाने की जरूरत है.
मुख्य सचिव ने कहा कि अवैध खनन पर सख्ती बरती जाए और इस पर पूर्ण रोक के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए. महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिस गश्त, जागरूकता कार्यक्रम और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया. उन्होंने धार्मिक उत्सवों के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रशासन व पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए.
बैठक में 'राइजिंग राजस्थान' के तहत साइन हुए एमओयू, शहर के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार, और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी चर्चा हुई. पंत ने स्पष्ट किया कि वर्षा ऋतु से पहले नालों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके.
उन्होंने राजस्व अर्जन के क्षेत्रों में अधिक ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं, कर संग्रह और अन्य माध्यमों से आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को तेज करने और सुरक्षा में सेंध डालने वाले मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के लिए भी उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.
बैठक में संभागीय आयुक्त, पुलिस आईजी,कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, विकास प्राधिकरण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें. बैठक के बाद मुख्य सचिव पंत लंच के उपरांत जोधपुर के लिए रवाना हो गए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!