&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Beawar News: राजस्थान के ब्यावर जिले में राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की एमसीएच विंग के शिशु वार्ड में भर्ती एक 4 वर्षीय बालक की मौत पर परिजनों ने चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकेएच पहुंचे.
परिजन और ग्रामीण दोषी चिकित्सक तथा कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे. जानकारी के अनुसार ग्राम लसाड़िया निवासी हेमसिंह के चार वर्षीय पुत्र अंशु सिंह की तबीयत खराब होने पर उसे बुधवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया.
परिजन का आरोप है कि सुबह भर्ती होने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे कुछ दवाईयां दी, लेकिन उसके बाद कोई दवाई या इंजेक्शन नहीं दिया गया. कई बार कहने के बावजूद भी अस्पताल के स्टाफ ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. देर शाम अचानक उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई.
परिजन ने बताया कि जब उन्होंने स्टाफ को बुलाया, तो वह बच्चे को अजमेर ले जाने के लिए कहने लगे. परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्टाफ पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह चौहान, डॉ. आलोक श्रीवास्तव ने पहुंचकर परिजन से समझाइश का प्रयास किया.
लसाड़िया के पप्पू काठात, सलीम सहित अन्य ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे तहसीलदार हनुत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना, पीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने भी परिजन से मामले को लेकर वार्ता की, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ.
देर रात को अस्पताल प्रशासन ने बालक के शव को मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया. गुरुवार सुबह लसाड़िया के पूर्व सरपंच पप्पू काठात, भाजपा नेता महेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण फिर से एमसीएच विंग पहुंचे, जहां पर वार्ड में बच्चे को नहीं होने पर आक्रोश जताते हुए अस्पताल प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया.
अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ के समाचार मिलने पर सिटी के एएसआई रोडूराम मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे. इस दौरान तहसीलदार हनुत सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से बातचीत की. बातचीत के दौरान परिजन चिकित्सकों तथा नर्सिंगकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया.
यह भी पढ़ें- DUSU चुनाव 2025 नामांकन प्रक्रिया पूरी, NSUI ने जोधपुर की जोसलीन को बनाया अध्यक्ष पद का उम्मीदवार
चिकित्सकों तथा नर्सिंगकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर अडे़ रहे. जिस पर तहसीलदार सिंह ने परिजनों से लिखित शिकायत देने की बात कही. साथ ही परिजनों को आश्वस्त किया कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर मौजूद कार्यवाहक पीएमओ डा. एमएस चांदावत ने भी परिजनों को इस हेतु आश्वस्त किया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ. समझाइस के दौरान जसोदा गुर्जर, पप्पू काठात, महेंद्र सिंह रावत, लक्ष्मण काठात, मुन्ना पठान, शोकिन खान, सलीम काठात, मिठू सिंह तथा सुखपाल सिंह आदि शामिल रहे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंAjmer Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!