पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पुष्कर पहुंचकर शादी समारोह में लिया भाग, महंगाई पर कही ये बड़ी बात
Advertisement

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पुष्कर पहुंचकर शादी समारोह में लिया भाग, महंगाई पर कही ये बड़ी बात

राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे तीर्थ नगरी पुष्कर, पूर्व विधायक के बेटे की शादी समारोह में लिया भाग, ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर सरोवर पर की पूजा अर्चना.

 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पुष्कर पहुंचें,ब्रह्मा मंदिर पर की पूजा अर्चना.

पुष्कर: अजमेर के पुष्कर में राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार दोपहर तीर्थ नगरी पहुंचे. पुष्कर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले अजमेर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक डॉक्टर राजकुमार जयपाल के पुत्र शौर्य के विवाह समारोह में भाग लिया. इस दौरान डॉक्टर जयपाल परिवार ने सांसद दिग्विजय सिंह को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. कुछ देर विवाह समारोह में बिताने के बाद दिग्विजय सिंह जगतपिता ब्रह्मा मंदिर पहुंचे. जहां उन्होंने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए. दिग्विजय सिंह मंदिर से नंगे पैर पुष्कर सरोवर के ब्रह्मा घाट पहुंचे. जहां उन्होंने पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना की.

यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, अब मौसम विभाग ने जताई ये संभावना

 पुष्कर सरोवर पर स्थानीय तीर्थ पुरोहित पंडित सीताराम पाराशर ने उन्हें सरोवर की पूजा-अर्चना कराई. पूजा अर्चना के पश्चात उनके पुत्र जयवर्धन सिंह ने धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अपने पिता दिग्विजय के पैर धोए. सांसद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि वे जगतपिता ब्रह्मा और माता गायत्री की कृपा से पुष्कर आए हैं. उन्होंने देश में हो रहे दंगों को प्रायोजित बताया. दंगों को लेकर भाजपा और कांग्रेस में चल रही जुबानी जंग पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम किसी पर आरोप नहीं लगाते. 

धार्मिक उन्माद फैलाने वाले चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान हों वह सभी इसके लिए जिम्मेदार हैं. महंगाई के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा की आपके अपने घरों में आकलन करें कि महंगाई कितनी बड़ी है. राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की पुष्कर यात्रा के दौरान आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड के साथ कांग्रेस के कई आला नेता साथ रहे. पुष्कर यात्रा के पश्चात दिग्विजय सिंह पुष्कर के निकटवर्ती ग्राम नांद स्थित आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के पैतृक निवास की ओर चले गए.

 

Trending news