Rajasthan News: लाडनूं तहसील के निम्बी जोधा गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एफआरटी कर्मी विक्रम सिंह की मौत हो गई. गुस्साए परिजनों ने मौके पर ही विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया.
Trending Photos
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Didwana News: लाडनूं तहसील के निम्बी जोधा गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में एफआरटी कर्मी विक्रम सिंह की मौत हो गई. डीडवाना-कुचामन जिले के खानपूर गांव के निवासी विक्रम सिंह बिजली के काम के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़े थे. काम पूरा होने से पहले ही किसी ने जीएसएस से बिजली सप्लाई चालू कर दी, जिससे विक्रम को करंट लग गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. मृतक का शव रात करीब ढाई बजे तक ट्रांसफार्मर पर ही लटका रहा. परिजनों ने शव को उतारने से इनकार करते हुए मुआवजा, सरकारी नौकरी, और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
विधायक पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही लाडनूं विधायक मुकेश भाकर मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारियों ने विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर नारेबाजी की. रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीएम मिथलेश कुमार, तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे, डीडवाना सीओ धर्म पुनिया, डीडवाना थाना अधिकारी राजेंद्र कमांडो, लाडनूं थाना अधिकारी महिराम विश्नोई, और जसवंतगढ़ थाना अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की. आखिरकार, ढाई बजे विधायक मुकेश भाकर की मध्यस्थता से सहमति बनी और शव को उतारकर लाडनूं के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया.
अस्पताल के बाहर होगा प्रदर्शन
आज सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीण अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं. यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. अब देखना होगा कि प्रशासन और विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
रिपोर्टर - दामोदर इनानिया