&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले में केकड़ी सिटी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर मारपीट, धमकी और वाहन में तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगे हैं. इस संबंध में एक युवक ने सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. मामले में हेड कांस्टेबल राजेश मीणा पर गंभीर आरोप सामने आए हैं, जिसपर अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है.
प्रार्थी ओमप्रकाश गुर्जर (24) पुत्र मेवाराम गुर्जर, निवासी सापुंदा (थाना सरवाड़) ने रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 12:30 बजे अपने भाई मनीष गुर्जर के साथ केकड़ी के राजकीय अस्पताल आया था. अस्पताल से लौटते समय दोनों भाई एक होटल पर चाय पीने रुके, तभी एक सफेद गाड़ी में सवार दो-तीन लोग वहां पहुंचे.
आरोप है कि इनमें से एक व्यक्ति पुलिस वर्दी में हेड कांस्टेबल राजेश मीणा था, जबकि दो अन्य सिविल ड्रेस में थे. आरोपियों ने आते ही हॉकी और लकड़ी से दोनों भाइयों के साथ मारपीट की तथा उनकी ऑटो कार में तोड़फोड़ कर करीब 30 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया.
प्रार्थी का आरोप है कि इसके बाद उसे सिटी थाने ले जाया गया, जहां भी मारपीट की गई और पिस्टल दिखाकर धमकाया गया. वहीं सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान होटल पर मौजूद लोगों और दरोगा के बीच भी कहासुनी और मारपीट हुई. इसके बाद दरोगा द्वारा थाने से अतिरिक्त जाप्ता मंगवाकर होटल और अस्पताल क्षेत्र के आसपास मौजूद लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने के आरोप भी सामने आए हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने हेड कांस्टेबल राजेश मीणा को निलंबित कर दिया है.
साथ ही केकड़ी सदर थाने में तैनात दो कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को भी वहां से हटाकर अन्य थानों में स्थानांतरित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंAjmer Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!