&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Ajmer News: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को अजमेर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार पर जमकर निशाना साधा. बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में इस समय भाजपा और कांग्रेस के बीच मिलीभगत का खेल चल रहा है. दोनों पार्टियों में कोई वैचारिक अंतर नहीं रह गया है, और जनता इनके छलावे को समझ चुकी है.
नाराज विधायकों को लेकर किया बड़ा दावा
बेनीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि “मौजूदा सरकार में भी मानेसर जैसा हाल हो सकता है. भाजपा में किसी भी समय बड़ा विद्रोह देखने को मिल सकता है. पार्टी के 60 से 70 विधायक मुख्यमंत्री से नाखुश हैं, लेकिन डर या दबाव के चलते खुलकर बोल नहीं पा रहे.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों पर विफल साबित हो रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है.
विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप
देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बेनीवाल ने कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं. जो भी व्यक्ति सरकार के खिलाफ बोलता है, उसके पीछे ईडी और सीबीआई लगा दी जाती है. उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.
मेवाराम की वापसी पर कटाक्ष में बोले
मेवाराम के कांग्रेस में लौटने के सवाल पर बेनीवाल ने चुटकी लेते हुए कहा, “जिसकी सीडी आ गई हो, जिसे पार्टी ने खुद निकाल दिया हो, उसे वापस लाना कांग्रेस के चरित्र पर सवाल खड़ा करता है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भूल गई है कि 2010 से 2012 के बीच भी ऐसे ही हालात थे जब जनता ने उनसे मुंह मोड़ लिया था. बेनीवाल ने ऐलान किया कि आरएलपी आगामी पंचायत और नगरपालिका चुनाव पूरे दमखम से लड़ेगी. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे हनुमान के इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें. कहा कि आज देश और प्रदेश को ईमानदार, जुझारू और जनता के लिए लड़ने वाली राजनीति की जरूरत है, और आरएलपी इसी दिशा में काम कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!