&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Tonk News: राजस्थान में आयोजित पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान गूगल मैप एक बार फिर अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बन गया. टोंक में दूसरी पाली की परीक्षा देने आए कई परीक्षार्थियों को गलत लोकेशन ने भ्रमित कर दिया, जिसके बाद पुलिस को खुद मोर्चा संभालना पड़ा.
गलत लोकेशन बनी परेशानी का सबब
रविवार को हुई परीक्षा में टोंक के दो प्रमुख परीक्षा केंद्रों, नेहरू कॉलेज और संत सुधा सागर परीक्षा केंद्र की लोकेशन गूगल मैप पर गलत दिखा रहा था. इससे परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को भारी परेशानी और घबराहट का सामना करना पड़ा. परीक्षार्थी ललित मीणा और नीरज सैनी ने बताया कि वे समय पर केंद्र पर पहुंचना चाहते थे, लेकिन गूगल मैप पर गलत जगह पहुंच गए, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. उन्हें परीक्षा छूटने का डर भी सताने लगा था.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही, टोंक डीएसपी राजेश विद्यार्थी और शहर कोतवाल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और भटक रहे परीक्षार्थियों को सही लोकेशन तक पहुंचाया.
डीएसपी राजेश विद्यार्थी ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन गूगल मैप की गलत जानकारी से यह स्थिति पैदा हुई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर अभ्यर्थियों को समय रहते केंद्रों तक पहुंचाया, जिससे किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित नहीं होना पड़ा.
कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा
यह परीक्षा रविवार को टोंक के 19 केंद्रों पर दो पारियों में आयोजित की गई, जिसमें लगभग 15,000 अभ्यर्थी शामिल थे. पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने भी सभी केंद्रों पर नजर रखी. परीक्षा केंद्रों पर दो घंटे पहले प्रवेश शुरू हो गया था, और परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिए गए थे. यह परीक्षा 10,000 रिक्त पदों के लिए प्रदेश भर में 13 और 14 सितंबर को हो रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Tonk news हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!