&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
RPSC Admit Card: राजस्थान लोक सेवा आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 का आयोजन कल रविवार से शुरू होने जा रहा है. शुरुआती दिन सामान्य ज्ञान का पेपर सातों संभाग मुख्यालयों पर आयोजित होगा, जबकि वैकल्पिक विषयों की परीक्षा सिर्फ जयपुर में ली जाएगी. इस परीक्षा के लिए कुल 92,600 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है. परीक्षा 298 केंद्रों पर होनी तय है, जिनमें 203 सरकारी और 95 निजी संस्थान शामिल हैं.
आयोग ने शुक्रवार को ही अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए थे. परीक्षा 7 दिसंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगी. सामान्य ज्ञान के पेपर में जयपुर में सबसे ज्यादा 42,348 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके अलावा अजमेर में 8,555, भरतपुर में 5,696, बीकानेर में 9,906, जोधपुर में 9,395, कोटा में 3,260 और उदयपुर में 13,440 उम्मीदवार परीक्षा देंगे. गौरतलब है कि बुधवार को हाईकोर्ट ने परीक्षा पर रोक लगा दी थी, लेकिन आयोग की अपील पर शुक्रवार को यह आदेश हट गया और इसके बाद एडमिट कार्ड जारी किए गए.
अभ्यर्थी अपने प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर दिए गए एडमिट कार्ड लिंक के जरिए एप्लिकेशन नंबर और जन्म तिथि भरकर डाउनलोड कर सकते हैं. इसके अलावा SSO पोर्टल में लॉगिन कर सिटिजन ऐप्स के भीतर मौजूद रिक्रूटमेंट पोर्टल से भी एडमिट कार्ड प्राप्त किए जा सकते हैं.
पहला प्रश्नपत्र (राजस्थान का सामान्य ज्ञान) 7 दिसंबर को दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित होगा. इसके बाद 8 से 20 दिसंबर तक वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएँ दो शिफ्ट में होंगी—पहली पारी सुबह 9 से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक. प्रत्येक पेपर में OMR पर पाँचवें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 10 मिनट का समय दिया जाएगा.
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश समय परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर नहीं आने दिया जाएगा. पहचान के लिए रंगीन प्रिंट वाला मूल आधार कार्ड या फिर फोटो युक्त पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखना अनिवार्य होगा. प्रवेश-पत्र पर नई रंगीन फोटो लगाना भी जरूरी है.
आयोग ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति के बहकावे या झांसे में न आएं. यदि कोई रिश्वत की मांग करता है या किसी तरह का प्रलोभन देता है, तो तुरंत आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 या 2635255 पर इसकी जानकारी दें.
राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत किसी भी प्रकार की अनियमितता पर आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक का जुर्माना और संपत्ति जब्ती तक की सजा हो सकती है. आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए निष्पक्ष परीक्षा प्रक्रिया में सहयोग दें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!