&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
SI Bharti Exam: एसआई भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सदस्य मंजू शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे को भेजे गए पत्र में लिखा कि उन्होंने हमेशा अपने कार्यकाल और निजी जीवन में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम किया है.
हाल ही में एक भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवाद ने उनकी व्यक्तिगत साख और आयोग की गरिमा को प्रभावित किया है. जबकि उनके खिलाफ न तो किसी थाने या जांच एजेंसी में कोई कार्रवाई लंबित है और न ही उन्हें कभी किसी प्रकरण में आरोपी ठहराया गया है.
इसके बावजूद, सार्वजनिक जीवन की पवित्रता को सर्वोच्च मानते हुए और आयोग की निष्पक्षता व पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से सदस्य पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया.
अक्टूबर 2026 तक था कार्यकाल
डॉ. मंजू शर्मा को कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2020 में RPSC का सदस्य नियुक्त किया था. उन्होंने 15 अक्टूबर 2020 को पदभार ग्रहण किया था और उनका कार्यकाल 14 अक्टूबर 2026 तक तय था. आज उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया. सदस्य बनने से पहले मंजू शर्मा भरतपुर राजकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थीं.
हाईकोर्ट की टिप्पणी
हाल ही में हाईकोर्ट ने SI भर्ती को लेकर सख्त टिप्पणी की थी. अदालत ने आदेश में कहा था कि रामूराम राईका ने अपनी बेटी शोभा और बेटे देवेश को इंटरव्यू में पास कराने के लिए RPSC अध्यक्ष संजय श्रोत्रिय, कार्यवाहक अध्यक्ष जसवंत राठी और तीन सदस्य संगीता आर्य, मंजू शर्मा और बाबूलाल कटारा से मुलाकात की थी. राईका ने बेटी की फोटो दिखाकर सिफारिश की थी, जिसके बाद शोभा इंटरव्यू में उन्हीं कपड़ों में पहुंची जो फोटो में दिखाए गए थे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!