&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले में बरसात के मौसम ने एक बार फिर डिंडवाड़ा ग्राम पंचायत के टिहरी गांव की सच्चाई उजागर कर दी है. जैसे ही तेज बारिश हुई, गांव की गलियां और सड़कें पानी से लबालब भर गईं. हालात ऐसे बने कि गांव की सड़कें तालाब जैसी दिखाई देने लगीं और ग्रामीणों का आना-जाना दूभर हो गया. ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. हर साल बरसात आते ही यही नजारा होता है. गांव का एक छोर दूसरे छोर से कट जाता है. लोग घर से बाहर निकलने से डरते हैं, बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना किसी जंग से कम नहीं होता.
गली में पानी भरने से लोगों को हो रही परेशानी
बरसात के कारण गली-गली में पानी भर गया है. छोटे वाहन तक फंस जाते हैं और लोग पैदल चलने में भी असमर्थ हो जाते हैं. बुज़ुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं. ग्रामीणों के अनुसार “बरसात की हर बूंद हमारे लिए परेशानी लेकर आती है, लेकिन प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगती.”
स्थानीय लोगों ने लगाए आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत और प्रशासन को कई बार शिकायत दी जा चुकी है. लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिलता. चुनाव के समय नेता वोट मांगने जरूर आते हैं, मगर चुनाव बीतते ही गांव की समस्याओं से जैसे कोई लेना-देना ही नहीं रह जाता. गांव के हालात यह भी बता रहे हैं कि यहां मूलभूत सुविधाओं का कितना अभाव है. नाली व्यवस्था ठप, जल निकासी की कोई योजना नहीं, और लापरवाह प्रशासन। नतीजा यह है कि ग्रामीण हर साल इन हालातों को झेलने को मजबूर हैं.
विकास के दावों की खुली पोल
अब ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पानी निकासी और सड़क सुधार के लिए कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. टिहरी गांव का यह हाल विकास के दावों और जमीनी हकीकत का फर्क साफ कर रहा है. बरसात ने एक बार फिर याद दिला दिया कि गांव की जनता की सुनने वाला कोई नहीं है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!