&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pushkar News: तीर्थ नगरी पुष्कर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी हैं. पुष्कर के निकटवर्ती बासेली गांव में बीती रात एक और बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. गांव की गवर्नमेंट स्कूल के पास स्थित रविंद्र सिंह राठौर के मकान से पांच नकाबपोश बदमाशों ने 15 तोला सोना, आधा किलो चांदी के आभूषण, करीब ढाई लाख रुपये नगदी और दो मोटरसाइकिल चोरी कर ली.
खास बात यह रही कि वारदात के दौरान पूरा परिवार घर में सो रहा था और चोर आराम से अपना काम कर फरार हो गए. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाश घर में घुसकर चोरी करते नजर आ रहे हैं.
पीड़ित मकान मालिक रविंद्र सिंह राठौर ने बताया कि बुधवार रात करीब 1 बजे बदमाशों ने घर के दरवाजे की ग्रिल तोड़ी और घर में दाखिल हुए. उन्होंने सोने-चांदी के गहनों और नकदी के अलावा दो मोटरसाइकिल भी चुरा ली. परिवार के लोग अलग-अलग कमरों में सो रहे थे, जिन्हें बदमाशों ने बाहर से लॉक कर दिया था. सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच जब दरवाजे खुले तो घटना का पता चला और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
मामले की जानकारी मिलते ही पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए. ग्रामीण नेता रामचंद्र चौधरी ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जिला पुलिस अधीक्षक बंदिता राणा ने चोरों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया है.
गौरतलब है कि बासेली गांव में यह नौ दिनों में दूसरी बड़ी चोरी है. इससे पहले 12 अगस्त को अमर नर्सरी निवासी गजेंद्र तंवर के घर खिड़की तोड़कर बदमाशों ने 80 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 20 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए थे. करीब 85 लाख रुपये की इस वारदात का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है.
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधि ओमप्रकाश ने बताया कि यदि दोनों वारदातों का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो ग्रामीण सामूहिक रूप से जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा और उपखंड अधिकारी गौरव कुमार मित्तल को ज्ञापन सौंपेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद कर पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Ajmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!