&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित गोठड़ी गुरु गांव में अवैध खनन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. खनन के लिए किए गए विस्फोट के बाद पहाड़ी का मलबा गिरने से एक जेसीबी मशीन नीचे खड़ी ट्रॉली पर जा गिरी. इस हादसे में तीन लोग, जिनमें पिता-पुत्र और जेसीबी ड्राइवर शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए.
अवैध खनन का कहर, घायल दबे
यह घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे हुई. जानकारी के अनुसार, गोठड़ी पुरोहितान गांव में सरकारी स्कूल के पीछे अवैध रूप से पत्थरों का खनन चल रहा था. ब्लास्ट से जब पत्थर तोड़े जा रहे थे, तभी एक बड़ा पत्थर जेसीबी मशीन पर गिर गया. झटके से जेसीबी मशीन पहाड़ी से नीचे आकर एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर जा गिरी, जिसमें करीब 5-6 मजदूर काम कर रहे थे. जेसीबी और पत्थरों के नीचे दबकर कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस और वन विभाग मौके पर
हादसे की सूचना मिलने पर लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे घायलों को बाहर निकाला गया. घायलों की पहचान आलम मेव, उनके बेटे आसिफ मेव और जेसीबी ड्राइवर असगर के रूप में हुई है. उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. हालांकि, अवैध खनन का मामला होने के कारण पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ज्यादा जानकारी नहीं दे रहे हैं. सूत्रों से पता चला है कि सभी घायलों को सीधे जयपुर ले जाया गया है. क्षेत्रीय रेंजर रवि भाटी ने भी घटना की पुष्टि की है, लेकिन उन्हें भी घायलों के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है.
लापरवाही पर सवाल
यह घटना एक बार फिर इस इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन पर सवाल उठाती है. इस हादसे के बाद वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यहां किस तरह खतरनाक तरीके से खनन किया जा रहा है. अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Alwar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!