&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Alwar News: जिले के खैरथल-तिजारा के मातौर गांव से बड़ी घटना सामने आई है. यहां संचालित नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड फाइनेंस कंपनी से जुड़ा मामला देर रात अचानक बेकाबू हो गया. बताया जा रहा है कि इस कंपनी में निवेश करने वाले हजारों लोगों ने जब अपनी मेहनत की कमाई डूबती देखी तो गुस्से में फाइनेंस कंपनी के मालिक के घर धावा बोल दिया.
गांव वालों का आरोप है कि कंपनी का मालिक करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया है. इसी के चलते देर रात भीड़ ने कंपनी मालिक के घर के बाहर जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई. हालात इतने बिगड़ गए कि घर के अंदर मौजूद लोगों ने खुद को भीतर बंद कर लिया, जबकि बाहर आक्रोशित भीड़ ने कई बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.
पुलिस प्रशासन हरकत में आया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और भारी पुलिस बल मौके पर भेजा गया. फिलहाल पूरे गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है. हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, अब तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है.
कैसे भड़की आग?
जानकारी के मुताबिक, गांव के हजारों लोगों ने मुनाफा कमाने की उम्मीद में अपनी रकम नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड फाइनेंस कंपनी में निवेश कर रखी थी. लेकिन अचानक खबर आई कि कंपनी का मालिक रकम लेकर गायब हो गया है. इसी बीच, उस एजेंट की संदिग्ध मौत ने आग में घी का काम किया, जिसके जरिए गांव के लोग कंपनी में पैसा निवेश करते थे.
इसके बाद निवेशकों को आशंका हो गई कि उनकी करोड़ों रुपये की जमा पूंजी डूबने वाली है. कई दिनों से लोग कंपनी के मालिक और उसके परिवार पर दबाव बना रहे थे कि पैसे लौटाए जाएं, लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तो देर रात गुस्साए लोगों ने मालिक के घर जाकर हंगामा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दे दिया.
पुलिस प्रशासन गांव में तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. ग्रामीणों के गुस्से और कंपनी मालिक की फरारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Alwar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!