&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Alwar Crime News: राजस्थान के अलवर से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. जहां पर शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने गंभीर अपराध के मामले में वांछित चल रहे एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी पर दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और ब्लैकमेल जैसे संगीन आरोप हैं.
2 मार्च को सामने आया था मामला
थाने के हेड कांस्टेबल सुंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बलात्कार के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रमोद शर्मा को गिरफ्तार किया गया है. यह मामला 2 मार्च 2025 को सामने आया था. जब एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दी कि 28 फरवरी को प्रमोद शर्मा नामक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया. उसे जान से मारने की धमकी दी और अश्लील फोटो व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया.
बेहद गंभीर था मामला
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू की. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह और वृत्ताधिकारी अंगद शर्मा के निर्देशन तथा थानाधिकारी विनोद सामरिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग और मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 10,000 के इनामी आरोपी प्रमोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार पुत्र प्रेमशंकर (उम्र 33 वर्ष), निवासी दोसोद, थाना नीमराणा, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. जल्द ही न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा.
शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने ठगी के आरोपी को भी किया गिरफ्तार
इसके साथ ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने सुनियोजित तरीके से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने आरोपी से सोने जैसी धातु के जेवरात भी बरामद किए हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील बाबानी निवासी नई दिल्ली, जो वर्तमान में जयपुर के मुरलीपुरा क्षेत्र में किरायेदार के रूप में रह रहा है. उसने अलवर के एक सुनार से 1,54,500 के जेवर खरीदने का झांसा दिया. आरोपी ने पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर विश्वास में लिया और जेवरात लेकर फरार हो गया.
22 मई को शिकायत करवाई थी दर्ज
इस मामले में ठगी का शिकार हुए व्यापारी ने 22 मई 2025 को शिवाजी पार्क थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए जांच प्रारंभ की और तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस कर लिया. थाने के हेड कांस्टेबल सुंदर ने बताया कि आरोपी के कब्जे से सोने जैसी धातु का कड़ा, पतली चैन व कान का कांटा बरामद किया गया है. आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अन्य ठगी के मामलों की भी जांच की जा रही है और उसके नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है. इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों में विश्वास की भावना बनी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
रिपोर्टर - स्वदेश कपिल