Rajasthan News: खैरथल-तिजारा जिले में कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने आज भिवाड़ी के रीको रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. जिसमें खैरथल-तिजारा जिले के लगभग सभी विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने आज भिवाड़ी के रीको रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. जिसमें खैरथल-तिजारा जिले के लगभग सभी विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे. मंत्री मीणा ने भिवाड़ी के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को त्वरित गति से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए.
बैठक में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. मंत्री मीणा ने अधिकारियों से प्रत्येक विभाग के कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी और आम जनता की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए ठोस कदम उठाने को कहा. उन्होंने विशेष रूप से जल निकासी की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मानसून के दौरान भिवाड़ी में जलभराव की स्थिति गंभीर हो जाती है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री से बात करने का आश्वासन दिया. मंत्री मीणा ने भिवाड़ी में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि भिवाड़ी में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए उद्योगों को हर संभव सहायता प्रदान की जानी चाहिए. उन्होंने बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को कहा.
मीटिंग के बाद मंत्री मीणा ने रीको रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को सुना. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है.
मीडिया से बातचीत में मंत्री मीणा ने कहा कि भिवाड़ी के विकास के लिए सरकार ने एक व्यापक योजना तैयार की है. इस योजना के तहत भिवाड़ी में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा. उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. उन्होंने कहा कि सरकार भिवाड़ी को एक आदर्श शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.