Rajasthan Crime: बांसवाड़ा जिले में एक महिला को उसके पूर्व पति ने घर से उठाकर अगवा किया. इसके बाद मारपीट कर रेप किया और कुएं में धकेल कर फरार हो गया.
Trending Photos

Rajasthan Crime: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक महिला को उसके पूर्व पति ने घर से उठाकर अगवा किया. इसके बाद मारपीट कर रेप किया और कुएं में धकेल कर फरार हो गया. सुबह खेतों की तरफ जा रहे किसानों ने महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी तो कुएं के पास पहुंचे. पुलिस को सूचना दी और पुलिस की मदद से महिला को कुएं से निकाल लिया.
घटना जिले के अरथूना थाना इलाके में एक गांव में गुरुवार रात को हुई. महिला को शुक्रवार सुबह कुएं से निकाला गया. अरथूना पुलिस ने बताया कि कुएं में गिरने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई है. महिला रेप होने की बात कह रही है, उसके बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार कुछ साल पहले शादीशुदा आरोपी ने महिला से नातरा प्रथा से शादी की थी. पहले से उसके 4 बच्चे थे. कुछ साल वह महिला के साथ रहा. दोनों के दो बच्चे भी हुए. 4 महीने पहले महिला ने किसी और से नातरा विवाह कर लिया. इसी बात को लेकर पूर्व पति बौखला गया. कई दिन से दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
गुरुवार रात पूर्व पति महिला के घर पहुंचा और उसे किडनैप कर घर से दूर ले गया. सूनसान जगह उसने महिला के साथ मारपीट की और रेप किया. इसके बाद उसे उठाकर कुएं में फेंक दिया. इसके बाद आरोपी फरार हो गया. महिला ने हिम्मत नहीं हारी और खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती रही. वह मदद की गुहार लगाती रही.
शुक्रवार सुबह खेतों में काम करने जा रहे किसानों ने महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी. वे रास्ते के पास 30 फीट गहरे कुएं के पास गए. झांककर देखा तो महिला पानी में पड़ी थी. किसानों ने अरथूना थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची. गांव वालों की मदद से पुलिस ने महिला को कुएं से निकाला.
इसके बाद उसे परतापुर अस्पताल पहुंचाया. वहां पुलिस को दिए बयान में महिला ने पूर्व पति पर जान से मारने की कोशिश करने, रेप और मारपीट करने की बात कही. पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.