&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Banswara News: राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर पूरे प्रदेश में जहां अभ्यर्थियों में उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिल रहा है, वहीं बांसवाड़ा जिले में स्थिति बेहद अव्यवस्थित हो गई. यहां सैकड़ों परीक्षार्थी रोडवेज बसों में सीट पाने के लिए संघर्ष करते नजर आए. सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर हालात ऐसे रहे कि बस में बैठने की जद्दोजहद ने परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थियों की परीक्षा ले ली.
सुबह से ही बस स्टैंड पर जयपुर, अलवर, उदयपुर और अन्य जिलों में जाने वाले अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं. जैसे ही बसें आईं, परीक्षार्थी सीट सुरक्षित करने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से अंदर घुसने लगे. इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. कई जगहों पर परीक्षार्थियों के बीच सीट को लेकर बहस भी हुई.
अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने परीक्षा केंद्र बहुत दूर आवंटित किए हैं, जिस कारण उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. इसके अलावा, रोडवेज बसों की संख्या बेहद कम है. ऐसे में समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचना अभ्यर्थियों के लिए मुश्किल हो रहा है. एक अभ्यर्थी ने कहा कि सरकार को परीक्षा केंद्र जिले के भीतर या नजदीकी स्थानों पर देने चाहिए थे. लेकिन हमें सैकड़ों किलोमीटर दूर भेजा गया है. अब बसों की संख्या कम होने से और परेशानी बढ़ गई है.
मुख्यमंत्री से की अतिरिक्त बसों की मांग
अव्यवस्था और भीड़ से परेशान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग की है कि पुलिस भर्ती जैसी बड़ी परीक्षाओं के दौरान अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाई जाएं, ताकि सभी परीक्षार्थी समय पर केंद्र तक पहुंच सकें. कई छात्रों ने तो यहां तक कहा कि उन्हें लगता है जैसे असली परीक्षा तो केंद्र पर नहीं बल्कि बस में चढ़ने से पहले ही हो रही है.
परिजन भी हो रहे परेशान
कई अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बस स्टैंड पहुंचे. परिजनों का कहना है कि बच्चों की मेहनत और तैयारी बस व्यवस्था की खामी के कारण प्रभावित हो रही है. कई जगहों पर परीक्षार्थियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी, जिससे थकान और तनाव और बढ़ गया.
तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए
इस पूरी अव्यवस्था ने एक बार फिर से राजस्थान में होने वाली बड़ी परीक्षाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हर बार परिवहन व्यवस्था को लेकर शिकायतें उठती हैं, लेकिन सुधार के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता. इस बार भी अभ्यर्थी व्यवस्था की कमी का खामियाजा भुगतते नजर आए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Banswara Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!