Trending Photos

Rajasthan News: बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जहां एक साल से लापता नाबालिग लड़की को ढूंढने में पुलिस अब तक नाकाम रही है. मामला रतनपुरा निवासी पीड़ित उर्मिला बाई से जुड़ा है, जिन्होंने अटरू थाने में अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट एक साल पहले दर्ज करवाई थी. इतने समय बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जिससे परिवार बेहद परेशान और हताश है.
राजस्थान गुर्जर महासभा के नेतृत्व में इस मामले को लेकर गुस्सा और निराशा बढ़ती जा रही है. महासभा के सदस्यों ने गुरुवार को बारां एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे कोटा आईजी ऑफिस पर भी प्रदर्शन करेंगे.
महासभा के प्रदेश महामंत्री छीतर लाल गुर्जर ने कहा कि रतनपुरा निवासी दंपत्ति अपनी लापता बेटी को खोजने के लिए पिछले एक साल से दर-दर भटक रहे हैं. अटरू थाने में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है. परिवार की पीड़ा और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर महासभा ने सख्त नाराजगी जाहिर की है.
पीड़िता की मां उर्मिला बाई ने बताया कि उनकी बेटी के लापता होने के बाद से ही वे लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई मदद नहीं मिली है. पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक पुलिस ने न तो उनकी बेटी का पता लगाने की कोशिश की है और न ही मामले को गंभीरता से लिया है.
प्रदर्शन के दौरान राजस्थान गुर्जर महासभा के कई प्रमुख सदस्य और स्थानीय लोग भी शामिल थे. उनका कहना है कि अगर पुलिस प्रशासन ने समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं की, तो वे और भी उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे. फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है और पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है.